आगरा में घर के बाहर बैठे युवक को रंगबाजी में गोली मारी, पुरानी रंजिश की आशंका
आगरा। थाना कमला नगर क्षेत्र के तेजनगर गुम्मट इलाके में उस समय अफरातफरी मच गई जब घर के बाहर बैठे एक युवक पर अचानक फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमलावर मौके से फरार, मोहल्ले में दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अमित नामक युवक अपने घर के बाहर बैठा हुआ था, तभी एक युवक वहां आया और उस पर गोली चला दी। गोली लगने से अमित लहूलुहान होकर गिर पड़ा। जब तक परिजन और मोहल्ले वाले बाहर आए, तब तक हमलावर फरार हो चुका था।
घायल अमित को तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पहले भी हो चुका हमला, अब भाई निशाने पर
परिवार वालों का कहना है कि करीब एक साल पहले अमित के भाई शिवम पर भी जानलेवा हमला हुआ था। इस बार निशाना अमित बना है। परिजनों ने सिकंदरा निवासी एलीश नाम के युवक पर फायरिंग का आरोप लगाया है।
नामजद रिपोर्ट दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी
पुलिस ने परिवार की तहरीर पर एलीश के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।