संविधान की गरिमा और सम्मान करना हम सब का दायित्व: जिला जज
आगरा। संविधान की 75 वीं वर्षगांठ पर डॉक्टर अंबेडकर बार एसोसिएशन के तत्वावधान में आज दीवानी में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि जिला जज विवेक संगल ने संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद कहा कि हमारे देश का संविधान विश्व के सारे संविधानों से सर्वश्रेष्ठ है। हर भारतवासी का दायित्व है कि संविधान की गरिमा और सम्मान को बनाए रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी को निभाए। खास तौर से न्यायपालिका से जुड़े लोगों का यह दायित्व और ज्यादा बढ़ जाता है। चूंकि हम लोग समाज के बुद्धिजीवी वर्ग से आते हैं। इसलिए उनकी जिम्मेदारी संविधान के प्रति और ज्यादा बढ़ जाती है।
वरिष्ठ अधिवक्ता करतार सिंह भारतीय ने कहा कि हमारे संविधान ने देश में हर नागरिक को समान रूप से अधिकार दिए हैं। जिनके तहत आज देश का संचालन हो रहा है। देश संविधान के दायरे में ही चल रहा है और चलना चाहिए। लेकिन कुछ ताक़तें संविधान के मूल से खिलवाड़ करना चाहती हैं। हमें ऐसे लोगों से सावधान रहना होगा।
बार के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र कुमार कर्दम, अमर सिंह कमल, सुरेश चंद सोनी, प्रभु दयाल, खेमचंद शाक्यवार, राम दत्त दिवाकर, सुरेश चंद्र गौतम, रमेश चंद्रा, सिद्धार्थ जी कर्दम, बबीना रानी, गोपाल प्रताप सिंह, सूरजभान भारती, चौधरी धर्मवीर सिंह, डॉ राजकुमार, सत्य प्रकाश, राजेंद्र सिंह,ललित, नरेंद्र प्रताप सिंह, अमर प्रताप, देव कुमार गौतम, तेजपाल चक, नीलकमल, मुकेश निम, आनंद बिहारी आर्य आदि ने विचार व्यक्त किए।