योगी सरकार को मौलाना तौकीर रज़ा की खुली चुनौती: रविवार को देंगे गिरफ्तारी, बोले- अब खामोशी नहीं चलेगी

बरेली। इत्तेहाद ए मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा ने बरेली में हैदरी दल के दो सदस्यों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर योगी सरकार को खुली चुनौती देते हुए ऐलान किया है कि वे इस रविवार को स्वयं गिरफ्तारी देंगे।

Jun 14, 2025 - 11:26
Jun 14, 2025 - 12:51
 0
योगी सरकार को मौलाना तौकीर रज़ा की खुली चुनौती: रविवार को देंगे गिरफ्तारी, बोले- अब खामोशी नहीं चलेगी

मौलाना ने कहा, अब खामोश बैठने का वक्त नहीं है। यह आंदोलन बरेली से शुरू होकर पूरे प्रदेश में फैलेगा। अगर गिरफ्तारी के दौरान कोई उपद्रव हुआ तो उसकी ज़िम्मेदारी यूपी पुलिस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की होगी।

हैदरी दल के समर्थन में उतरे मौलाना ने आरोप लगाया कि मुस्लिम युवकों ने बहकी हुई लड़कियों को नेक राह दिखाने की कोशिश की, लेकिन कार्रवाई उन्हीं युवकों पर हो रही है। जो नकाब और तहज़ीब की बात करते हैं, उन्हें सज़ा मिल रही है, लेकिन मुसलमानों के कत्ल की बात करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।

मुख्यमंत्री योगी पर तीखा हमला करते हुए तौकीर रज़ा बोले, हम क्यों बात करें उस शख्स से जो हमारे बच्चों और मस्जिदों का दुश्मन है। हम अमन के लिए चुप हैं, वरना हालात कुछ और होते।

उन्होंने ऐलान किया कि आईएमसी को फिर से सक्रिय किया जा रहा है। संगठन के जिला अध्यक्ष के रूप में शमशाद बाबू और महानगर प्रभारी के तौर पर अनीस सकलेनी को नियुक्त किया गया है। अब प्रदेश भर में मुस्लिम मुद्दों को लेकर अभियान चलाया जाएगा।

मौलाना ने कहा, जब तक हमारे बच्चों की मॉब लिंचिंग होती रहेगी और बहन-बेटियों का अपमान होगा, तब तक यह आज़ादी अधूरी है। हमारी खामोशी को कमजोरी मत समझा जाए।

मौलाना तौकीर रजा खां ने 15 जून को मुस्लिमों से जुड़े मुद्दों पर गिरफ्तारी देने का ऐलान किया है। उनके साथ दस अन्य लोग भी गिरफ्तारी देंगे। यह सभी लोग दोपहर एक बजे सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में एकत्र होकर कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च करेंगे।

मौलाना तौकीर रजा का कहना है कि मुसलमानों के साथ अन्याय हो रहा है। मस्जिद, मदरसा और मजारों पर की जा रही कार्रवाइयों के खिलाफ यह गिरफ्तारी प्रतीकात्मक विरोध है। उन्होंने इसे अपनी मुहिम की शुरुआत बताते हुए कहा कि आगे देशभर में इसी तरह गिरफ्तारी दी जाएगी।

मौलाना के इस पैंतरे को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। शुक्रवार रात सर्किल स्तर के पुलिस अधिकारियों ने बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। सूत्रों के अनुसार, शासन को भी पूरे हालात से अवगत करा दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस प्रदर्शन या गिरफ्तारी को लेकर कोई अनुमति नहीं दी गई है।

SP_Singh AURGURU Editor