सांसद सुमन की राणा सांगा पर टिप्पणी को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन

लखनऊ। आगरा के निवासी और समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा मेवाड़ के राजा रहे राणा सांगा के प्रति संसद में की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर पैदा हुआ विवाद बढ़ता ही जा रहा है।

Apr 8, 2025 - 13:57
Apr 8, 2025 - 14:11
 0
सांसद सुमन की राणा सांगा पर टिप्पणी को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन

दर्जनों क्षत्रिय संगठनों के प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल हुईं। मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रही भीड़ ने बैरिकेड तोड़ दिए।

 

मंगलवार को राज्य के दर्जनों क्षत्रिय संगठनों ने राजधानी लखनऊ में सुमन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

राज्य भर से लखनऊ पहुंचे क्षत्रिय समाज के लोग 1090 चौराहे पर एकत्रित हुए और सुमन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे। यह देख पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने बेरिकेड लगाकर रोकने का प्रयास किया तो लोगों ने बेरिकेड भी तोड़ दिए और आगे बढ़ने लगे। प्रदर्शनकारियों को सीएम आवास की ओर जाने से रोकने के लिए पुलिस को सख्ती भी दिखानी पड़ी। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें भी हुईं। 

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को आगे न बढ़ने के लिए समझा रहे थे जबकि लोग मांग कर रहे थे कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर सपा सांसद रामजी लाल सुमन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करना चाहते हैं। लोगों में सुमन की राणा सांगा के प्रति अभद्र टिप्पणी को लेकर भारी रोष था।