श्री श्याम संकीर्तन में बही भक्ति की अविरल धारा

आगरा। जीवनी मंडी स्थित खाटूश्याम मंदिर में श्री श्याम कृपा सेवक परिवार के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर श्याम आराधना महोत्सव और दिव्य छप्पन भोग का भव्य आयोजन किया गया।

Apr 10, 2025 - 23:03
Apr 10, 2025 - 23:04
 0
श्री श्याम संकीर्तन में बही भक्ति की अविरल धारा
श्री खाटू श्याम मंदिर में गुरुवार की शाम आयोजित श्री श्याम संकीर्तन में मौजूद श्रद्धालु।

-श्रीखाटू श्याम मंदिर में श्री श्याम कृपा सेवक परिवार ने मनाया स्थापना दिवस, सजे दिव्य छप्पन भोग

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संस्थापक गणेश चतुर्वेदी, हर्ष चतुर्वेदी और रजत अग्रवाल ने अखंड पावन ज्योति प्रज्वलित कर किया।

भजनों की रसवर्षा में झूमे श्रद्धालु

कोलकाता से आए प्रसिद्ध भजन गायक सौरभ शर्मा ने जैसे ही मंच संभाला, "भटके क्यों दर-बदर कर भरोसा श्याम पे…", "हमारी सुध कब लोगे घनश्यामजी…", और "लाज पे आँच बाबा, आने ना पाए…" जैसे भावपूर्ण भजनों से श्याम प्रेमियों को भक्ति में सराबोर कर दिया।

इससे पहले भीलवाड़ा से आए राजू अलबेला ने "कब आएगा मेरा सांवरिया..." से संकीर्तन की शुरुआत की। ग्वालियर की ऋषिका ठाकुर और आगरा के प्रखर लोहिया ने भी एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर भक्तों का मन मोह लिया। सौरभ शर्मा का नया भजन "तेरे दर पे आके पता ये चला है..." सुनकर श्रद्धालु झूम उठे।

दिव्य श्रृंगार और भोग से सजा श्याम दरबार

बंगलुरु से मंगाए गए बेला, चमेली, गेंदा, रजनीगंधा, ऑर्चिड और गुलाब के फूलों से श्याम दरबार को सोनू गोयल ने अलौकिक रूप में सजाया। कन्नौज से लाए इत्रों की सुगंध से मंदिर परिसर महक उठा। श्याम रसोई और अखंड ज्योति का दर्शन कर भक्तों ने पुण्य लाभ प्राप्त किया।

समापन पर हुई महाआरती 

कार्यक्रम का समापन खाटू नरेश की महाआरती के साथ हुआ। इस आयोजन में राजीव नगाईच, रितेश गुप्ता, रिंकू अग्रवाल, शिवम् चौहान, लता चतुर्वेदी, कांता अग्रवाल, काजल अग्रवाल, नीतू अवस्थी समेत सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।