न्यू आगरा क्षेत्र में चलती एक्टिवा बनी आग का गोला, हाईवे पर मची अफरा-तफरी

आगरा। सोमवार को शहर में आगरा-मथुरा हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अबूउल्लाह दरगाह मोड़ के पास एक चलती एक्टिवा स्कूटी अचानक जलने लगी। कुछ ही पलों में वाहन पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि चालक समय रहते वाहन छोड़कर दूर हट गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

May 19, 2025 - 21:22
 0
न्यू आगरा क्षेत्र में चलती एक्टिवा बनी आग का गोला, हाईवे पर मची अफरा-तफरी
न्यू आगरा क्षेत्र में अबूउल्लाह दरगाह के पास धू-धू कर जलती एक्टिवा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना फुट ओवरब्रिज के नजदीक घटी। एक्टिवा में अचानक चिंगारी निकली और कुछ ही पलों में आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्कूटी किनारे लगाई और खुद सुरक्षित दूरी पर चला गया।

धीरे-धीरे बहाल हुआ यातायात

घटना के चलते कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। लोग रुककर घटना को देखने लगे। धुएं के गुबार और लपटों के बीच से गुजरना लोगों के लिए खतरनाक प्रतीत हो रहा था, लेकिन जल्द ही ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर आवागमन सुचारु किया गया।

फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया। हालांकि स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, लेकिन जांच के बाद ही सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

SP_Singh AURGURU Editor