शौर्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, नागरिकों ने की पुष्प वर्षा

आगरा। भारतीय सेना के गौरवशाली ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में शनिवार को आगरा की सड़कों पर देशभक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। राजामंडी से नूरी दरवाजा (भगत सिंह चौक) तक निकाली गई शौर्य तिरंगा यात्रा ने हर दिल में देशप्रेम की भावना को और गहरा कर दिया।

May 17, 2025 - 20:36
 0
शौर्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, नागरिकों ने की पुष्प वर्षा
आगरा में शनिवार को एमएलसी विजय शिवहरे के नेतृत्व में निकाली गई शौर्य तिरंगा यात्रा की एक झलक।

यात्रा का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं एमएलसी विजय शिवहरे ने किया। मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य रहे। यात्रा में हजारों की संख्या में युवाओं, महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी हाथों में तिरंगा लिए भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए चल रहे थे।

यात्रा मार्ग पर जगह-जगह नागरिकों ने फूलों की वर्षा कर तिरंगे और जवानों के सम्मान में अपने जज़्बात व्यक्त किए। शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सेना के साहसिक अभियानों को नमन किया गया।

एमएलसी विजय शिवहरे ने इस मौके पर कहा, ऑपरेशन सिंदूर हमारी सेना की पराक्रम और राष्ट्र के प्रति निष्ठा का प्रतीक है। यह यात्रा उन वीरों के नाम है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। हमारा दायित्व है कि हम सदैव देशभक्ति की भावना को जीवित रखें।

शौर्य तिरंगा यात्रा का समापन भगत सिंह प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण और तिरंगे को नमन के साथ हुआ। यात्रा ने शहर में गर्व और प्रेरणा का माहौल पैदा किया।

SP_Singh AURGURU Editor