आगरा के एत्मादपुर में हाईवे पर हादसाः टक्कर के बाद टैंकर के नीचे जा घुसी बाइक, दो युवक घायल
आगरा। एत्मादपुर क्षेत्र के बरहन तिराहे पर सोमवार को एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक पर सवार दो युवक गंभीर घायल हो गये, जिन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह दुर्घटना आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर लगातार बने रहने वाले भीषण जाम और लचर यातायात प्रबंधन के कारण हुई, जिसने इस क्षेत्र को ‘एक्सीडेंट जोन’ में बदल दिया है।
घटना थाना एत्मादपुर क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग, बरहन तिराहे की है। बरहन की ओर से फिरोजाबाद की ओर जाने के लिए हाईवे पर चढ़ी एक बाइक को पीछे से आ रहे टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी। हाईवे पर जाम की वजह से सभी वाहन बेहद धीमी गति से चल रहे थे। टक्कर की वजह से बाइक टैंकर के नीचे जा घुसी। टैंकर को रुकवाकर बाइक सवार दोनों युवकों को तुरंत निकाला गया और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस चौराहे अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर एत्मादपुर कस्बे में बुढ़िया का ताल से रेलवे ओवरब्रिज तक का लगभग डेढ़ किलोमीटर का हिस्सा फोर लेन है। इसी वजह से राजमार्ग के इस हिस्से में हर वक्त ट्रैफिक जाम रहता है। इसकी वजह बरहन रोड से आने वाला ट्रैफिक है, जिसके हाईवे क्रॊस करने अथवा फिरोजाबाद की ओर मुड़ने की वजह से आगरा से आ रहे वाहनों को रुकना पड़ता है। इसी प्रकार इसी हाईवे पर एक चौराहा है, वहां भी क्रॊस होने वाले वाहनों की वजह से ट्रैफिक की आपाधापी रहती है। तिराहे के साथ हाईवे के दूसरे चौराहे पर बिना किसी ट्रैफिक सिग्नल के वाहन हर दिशा से हाईवे क्रॉस करते हैं, जिससे भारी वाहन फंस जाते हैं और कई बार बेकाबू भी हो जाते हैं। इस अनियंत्रित स्थिति के चलते दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है।
एत्मादपुर में हाईवे पर ट्रैफिक की इतनी गंभीर स्थिति रहने के बाद भी इसे नियंत्रित करने के नाम पर होमगार्ड खड़े रहते हैं और उनकी आंखों के सामने ही वाहन इस कदर फंस जाते हैं कि जाम लग जाता है।
स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि यहां तत्काल एक एलीवेटेड रोड का निर्माण किया जाना चाहिए, जिससे हाईवे का लगातार वाहन प्रवाह सुचारू रहे और हादसों पर रोक लगे। लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
यह हाईवे न सिर्फ आगरा व फिरोजाबाद को जोड़ता है, बल्कि भारी मालवाहन यातायात का मुख्य मार्ग भी है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो ऐसी घटनाएं और भी जानलेवा साबित हो सकती हैं।