हादसा या हत्या? आगरा के बरहन क्षेत्र में युवक की मौत बनी रहस्य, कार गायब, पिता को साजिश की आशंका
आगरा। बरहन थाना क्षेत्र में सड़क किनारे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। पुलिस जहां इसे सड़क हादसा बता रही है, वहीं परिजन इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग पर अड़े हैं। हैरानी की बात यह है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद कथित तौर पर टक्कर मारने वाली कार का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
रेलवे अंडरपास के पास मिला शव, सवालों के घेरे में घटना
यह घटना 18 दिसंबर की रात की बताई जा रही है। आंवलखेड़ा स्थित एमएस कैफे की देखरेख करने वाले पुनीत सिसोदिया दो कर्मचारियों को गोवल गांव छोड़ने के बाद बाइक से वापस लौट रहे थे। रेलवे अंडरपास पार करने के कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे उनका शव पड़ा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
स्विफ्ट कार से टक्कर की बात, लेकिन गाड़ी लापता
प्रारंभिक तौर पर पुलिस को सूचना मिली कि पुनीत को सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। लेकिन हैरानी यह है कि घटना के कई दिन बाद भी न तो कार का पता चल सका है और न ही किसी आरोपी की पहचान हो पाई है।
सिर पर वार के निशान, मोबाइल टूटा हुआ मिला, हत्या का शक
मृतक के पिता का आरोप है कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो पुनीत के सिर पर किसी भारी हथियार से वार के स्पष्ट निशान थे। वहीं, मोबाइल फोन भी बुरी तरह टूटा हुआ मिला। परिजनों का कहना है कि यह केवल हादसा नहीं हो सकता। उनका शक है कि रंजिश के चलते पुनीत की हत्या की गई और मामले को हादसे का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
स्पीड ब्रेकर ने बढ़ाया संदेह
परिजनों ने यह भी सवाल उठाया है कि जिस स्थान पर दुर्घटना बताई जा रही है, वहां स्पीड ब्रेकर बना हुआ है। ऐसी स्थिति में किसी भी वाहन की रफ्तार बेहद कम होती है, जिससे इतनी गंभीर चोटें और मौत होना संदिग्ध प्रतीत होता है।
भांजे के कपड़े पहनना भी बना रहस्य
घटना के दिन पुनीत के भांजे मुकेश के कपड़े पहने होने की बात सामने आई है, जिससे परिजनों का संदेह और गहरा गया है। उनका कहना है कि इस पहलू की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए, क्योंकि उनके भांजे की कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी।
विधायक मौके पर पहुंचे, निष्पक्ष जांच का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एत्मादपुर विधायक धर्मपाल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूरी जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और सच्चाई सामने लाई जाएगी।
फिलहाल पुलिस इसे सड़क हादसा मानकर चल रही है, जबकि परिजन हत्या और साजिश की आशंका जता रहे हैं। अब यह मौत हादसा थी या हत्या, इसका जवाब आने वाली जांच ही दे पाएगी।