आगरा के शाहगंज में हादसाः आरसीसी सीढ़ियां टूटने से मां-बेटे समेत तीन घायल, दो की हालत गंभीर
आगरा। शहर के शाहगंज क्षेत्र में शनिवार को एक हादसा हो गया। राधे वाली गली में अचानक मकान की आरसीसी सीढ़ियां गिरने से घर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य मलबे में दब गए, जिनमें मां और बेटे की हालत नाजुक बताई जा रही है। क्षेत्रीय पुलिस, राजस्व अधिकारी और पार्षद मौके पर पहुंच गये थे।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे थाना शाहगंज क्षेत्र की राधे वाली गली नंबर 10 में यह हादसा हुआ। राजेंद्र नामक व्यक्ति जो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है, उसके घर की आरसीसी सीढ़ी अचानक भरभराकर गिर गई। परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और किसी तरह मलबा हटाकर राजेंद्र की पत्नी मीरा, पुत्र रामू और पुत्रवधु कमलेश को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को एस.एन. मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मीरा और रामू की हालत बेहद गंभीर है और दोनों को आईसीयू में शिफ्ट किया गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार विमल कुमार और क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मकान की स्थिति और परिवार की आर्थिक दशा का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने तत्काल राहत रिपोर्ट तैयार की।
क्षेत्रीय पार्षद राकेश कन्नौजिया ने बताया कि राजेंद्र का परिवार अत्यंत गरीब है और इस हादसे के बाद वे पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र आर्थिक सहायता और आवासीय मरम्मत के लिए मदद की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि राधे वाली गली और आसपास के कई मकान जर्जर हो चुके हैं, जिन्हें समय रहते चिन्हित कर प्रशासन को मरम्मत या गिराने की कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे टाले जा सकें।