महाराष्ट्र के लातूर का वीडियो आगरा भाजपा कार्यालय का बताकर वायरल करने का आरोप, आगरा के पुष्पराज यादव और विनोद सिंह पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज

आगरा। सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर की छवि खराब करने के उद्देश्य से कथित रूप से भ्रामक वीडियो प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पुष्पराज यादव और विनोद सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

Jul 28, 2026 - 19:22
 0
महाराष्ट्र के लातूर का वीडियो आगरा भाजपा कार्यालय का बताकर वायरल करने का आरोप, आगरा के पुष्पराज यादव और विनोद सिंह पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज

भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कुछ अराजक तत्वों द्वारा एक कथित भ्रामक वीडियो प्रसारित किया गया। उनका आरोप है कि इस वीडियो के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी आगरा की छवि खराब करने और लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया गया। जो वीडियो पोस्ट किया गया, उसे आगरा महानगर भाजपा कार्यालय का बताया गया, जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति को पीटता हुआ दिख रहे हैं। फैक्ट चेक में ये वीडियो महाराष्ट्र के लातूर स्थित विश्राम गृह का निकला।

उन्होंने कहा कि पार्टी की छवि धूमिल करने की मंशा से सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में साइबर क्राइम थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी पुष्पराज यादव एवं विनोद सिंह के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।

राजकुमार गुप्ता ने कहा कि कुछ लोग दूषित मानसिकता के साथ सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित कर समाज और राजनीतिक दलों की छवि खराब करने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई कर उन्हें सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यदि कोई इस प्रकार का कृत्य करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा नेताओं ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान महामंत्री हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, मनवीर चौहान, दीपू जादौन, राहुल सागर, मनमोहन कुशवाह, रोहित कत्याल, राजू परमार, नवीन गौतम, करुणानिधि गर्ग, अनीता खरे, डॉ. निधि शर्मा, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, माधुरी माहौर, अनिल सारस्वत, मुकेश गुप्ता, विकास भारद्वाज सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor