बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी शरीफ पुलिस से मुठभेड़ में घायल, एसआई को भी लगी गोली
आगरा। सात साल की मासूम से दरिंदगी करना वाला दरिंदा पुलिस की गोली से घायल होने के बाद पकड़ में आ गया है। आरोपी शरीफ को पुलिस ने वारदात के महज 10 घंटे के भीतर मुठभेड़ में दबोच लिया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक उप निरीक्षक घायल हो गए, जबकि आरोपी के पैर में भी गोली लगी है।
-बीते कल सात साल की बच्ची से किया था दुष्कर्म, पुलिस ने दस घंटे के अंदर पहचान कर दबोच लिया
घटना एत्माद्दौला क्षेत्र की है, जहां मंगलवार को घर के बाहर खड़ी सात साल की बच्ची को शरीफ नामक युवक बाइक से उठा ले गया। रास्ता पूछने के बहाने उसने बच्ची को एक बंद मकान के पास ले जाकर दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख सुनकर लोग दौड़े तो आरोपी भाग निकला।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर से आरोपी की पहचान की। देर रात फिरोजाबाद रोड पर चेकिंग के दौरान शरीफ पुलिस को देख भागने लगा और जंगल की ओर दौड़ पड़ा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिससे एसआई हिमांशु तोमर घायल हो गए। जवाबी फायरिंग में शरीफ के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा।
दोनों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एसीपी छत्ता हेमंत कुमार ने बताया कि शरीफ का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। उस पर पहले भी कई संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं।