डीपी में डीएम आगरा की फोटो लगाकर व्हाट्सएप पर संदेश भेजने की हरकत थाईलैंड से हुई थी

आगरा। जिलाधिकारी आगरा अरविंद मल्लप्पा बांगरी की फोटो डीपी में व्हाट्सएप पर लगाकर उनके परिचितों को मैसेज की हरकत थाईलैंड से की गई थी। जिलाधिकारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत की जांच के बाद साइबर पुलिस ने यह जानकारी जुटाई है। एक अनजान नंबर के व्हाटएसएप की डीपी पर डीएम की फोटो लगाकर मातहत अधिकारियों से पैसों की मांग की गई थी। मामला संज्ञान में आते ही जिलाधिकारी ने तत्काल साइबर सेल में शिकायत दर्ज करा दी थी।

Jul 25, 2025 - 22:14
Jul 25, 2025 - 22:17
 0
डीपी में डीएम आगरा की फोटो लगाकर व्हाट्सएप पर संदेश भेजने की हरकत थाईलैंड से हुई थी

कल की घटना, तेजी से हुई कार्रवाई
यह मामला विगत दिवस का है, जब डीएम को जानकारी मिली कि उनकी फोटो लगाकर उनके नाम से व्हाट्सएप पर संदेश भेजे जा रहे हैं और रुपए मांगे जा रहे हैं। एडीएम प्रशासन और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के पास जब ये संदेश पहुंचे तो उन्होंने तत्काल डीएम को बताया। जिलाधिकारी ने भी बगैर देरी किए साइबर पुलिस को शिकायत दी।

मुजफ्फरनगर में भी सामने आया था ऐसा मामला
इससे पहले मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी के नाम से भी उनकी फोटो डीपी पर लगाकर व्हाट्सएप पर इसी तरह से साइबर ठगी की कोशिश की गई थी। उस जांच में सामने आया था कि वह साइबर हमला श्रीलंका से किया गया था। अब आगरा में थाईलैंड से लिंक मिलने के बाद यह स्पष्ट हो रहा है कि विदेशी साइबर गैंग यूपी के शीर्ष अधिकारियों को निशाना बना रहे हैं।

साइबर अलर्ट और सतर्कता की अपील
चूंकि यह मामला थाईलैंड से जुड़ा हुआ है, इसलिए यह फ्रॊड शायद ही पकड़ में आए, लेकिन यह हरकत अन्य अधिकारियों के लिए सबक है। हर किसी को यह बात ध्यान में रखनी चाहिए कि यदि किसी भी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से व्हाट्सएप पर पैसे या संवेदनशील जानकारी मांगी जाए, तो उसकी पुष्टि फोन कॉल या प्रत्यक्ष संपर्क से की जाए। साइबर सेल तो पहले से ही सभी को सचेत रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील करती रहती है।

SP_Singh AURGURU Editor