हीट वेव से निपटने को प्रशासन ने कसी कमर, जिले में ओआरएम कॉर्नर स्थापित करने के निर्देश

आगरा। भीषण गर्मी और लू से लोगों को बचाने के लिए प्रशासन ने भी कमर कस ली है। विभिन्न विभागों को इससे निबटने की ज़िम्मेदारियां दीं गईं हैं।

Apr 9, 2025 - 20:06
 0
हीट वेव से निपटने को प्रशासन ने कसी कमर, जिले में ओआरएम कॉर्नर स्थापित करने के निर्देश
हीट वेव से निपटने के लिए जिले के अधिकारियों के साथ जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक करातीं एडीएम वित्त शुभांगी शुक्ला।

सरकारी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाने के निर्देश 

हीट वेव से बचाव हेतु आज जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित विभागीय बैठक में मुख्य रूप से समस्त संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ हीट वेव प्रबंधन हेतु विभागवार जिम्मेदारियों को चिंहित करते हुए निर्धारित किया गया। 

बैठक में समस्त संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है कि लू प्रकोप का प्रभाव कम करने के लिए निःशुल्क प्याऊ की व्यवस्था, स्थान-स्थान पर वाटर कूलर का प्रबंधन, छांव प्रदान, ओआरएस कार्नर इत्यादि कि व्यवस्था की जाए। 

बैठक में निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य विभाग आशा एवं एएनएम की सहायता से ओआरएस के पैकेट का घर घर अत्याधिक वितरण कराए। चिकित्सकों तथा कर्मियों को उपयुक्त प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे हीट वेव संबंधित बीमारियों का तत्काल पहचान करते हुए प्रभावित का राहत स्वरूप इलाज किया जा सके। 

बैठक में यह भी निर्देश दिए गये कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आइस पैक, ओआरएस पैकेट इत्यादि की पर्याप्त व्यवस्था कर ली जाए। जिला अस्पताल/ महिला अस्पताल एवं समस्त पीएचसी, सीएचसी इत्यादि पर हीट वेव आईसोलेशन वार्ड बना लिया जाएं। साथ ही पर्यटन, नगर पालिका तथा परिवहन विभाग द्वारा बस स्टैंड-मंदिर-धार्मिक स्थल एवं रेलवे स्टेशन इत्यादि परिसरों में छाँव घर एवं प्याऊ कि व्यवस्था करें। 

शिक्षा विभाग मौसम विभाग द्वारा हीट वेव की चेतावनी के अनुसार स्कूल के समय में बदलाव करे। स्कूलों में बाहरी फील्ड की गतिविधियों को रोकने तथा स्कूलों में पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेय जल इत्यादि की भी व्यवस्था करे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त शुभांगी शुक्ला द्वारा विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि हीट वेव के दौरान मुख्यतः पीक हीट आवर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जल निगम ग्रामीण/नगरीय को ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में यह भी निर्देश दिए गये कि श्रम विभाग द्वारा मजदूरों के लिए लू प्रकोप से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पेयजल, छाँव क्षेत्र कि व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य विभाग से संपर्क स्थापित कर के मजदूरों के स्वास्थ्य का नियमित चेकअप, ओआरएस कार्नर इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित करे। पीक हीट आवर के दृष्टिगत मजदूरों के ड्यूटी के समय में परिवर्तन किया जाए। 

पशुपालन विभाग पशुओ के लिए उचित छाया, पानी का व्यवस्था के साथ ये भी ध्यान दे कि पानी गर्म न हो। वन विभाग एवं सभी विभागों पशु पक्षियों के लिए पानी का व्यवस्था अपने कार्यालय के बाहर करने तथा आमजनमानस को अधिक से अधिक जागरूक करने की व्यवस्था करें।

बैठक में जिला कृषि अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, सीएमओ ऑफिस से डॉ सलोनी, नगर निगम प्रतिनिधि, समस्त अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायत पालिका , परिवहन विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, विद्युत विभाग, मनोरंजन विभाग एवं अन्य विभागों के साथ आपदा विशेषज्ञ शिवम कुमार, आपदा लिपिक तुषार सक्सेना आदि उपस्थित रहें।