दिल्ली धमाके के बाद आगरा में सख्ती, अमोनियम नाइट्रेट फैक्ट्री पर छापा, 1535 पोटाश बैग सील

आगरा। दिल्ली में हुए बम धमाके में अमोनियम नाइट्रेट इस्तेमाल होने के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसके तहत आगरा प्रशासन ने रासायनिक पदार्थों और उर्वरक उत्पादित करने वाली फैक्ट्रियों पर सख्त निगरानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में बाह क्षेत्र के कमतरी गांव में एक फैक्ट्री पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 1535 पोटाश के बैग सील कर दिए।

Nov 14, 2025 - 21:56
 0
दिल्ली धमाके के बाद आगरा में सख्ती, अमोनियम नाइट्रेट फैक्ट्री पर छापा, 1535 पोटाश बैग सील
बाह स्थित एक फैक्ट्री में कृषि अनुदानित उर्वरक के स्टॉक की जांच करने पहुंची टीम ।

आगरा। दिल्ली में हुए बम धमाके में अमोनियम नाइट्रेट इस्तेमाल होने के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसके तहत आगरा प्रशासन ने रासायनिक पदार्थों और उर्वरक उत्पादित करने वाली फैक्ट्रियों पर सख्त निगरानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में बाह क्षेत्र के कमतरी गांव में एक फैक्ट्री पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 1535 पोटाश के बैग सील कर दिए।

डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने जिले में उन सभी फैक्ट्रियों की सूची तैयार करने के आदेश दिए हैं, जहां  कृषि अनुदानित उर्वरक बनाए या संग्रहित किए जाते हैं। आदेश के बाद कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई तेज कर दी है।

संयुक्त टीम की छापेमारी

सूचना मिली थी कि बाह की एक फैक्ट्री में कृषि अनुदानित उर्वरक का अवैध स्टॉक छिपाकर रखा गया है। इसके बाद जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, उप-जिलाधिकारी बाह संतोष कुमार शुक्ला, सहायक पुलिस आयुक्त बाह गिरीश कुमार की टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारा।

फैक्ट्री में मिला संदिग्ध स्टॉक

छापेमारी में फैक्ट्री परिसर से नर्मदा बायो केम लिमिटेड के 1,095 बैग, इंडोरामा कंपनी के 440 बैग, 
कुल 1,535 पोटाश बैग बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही सील कर दिया गया।

दस्तावेज़ नहीं दिखा पाया फैक्ट्री संचालक

जांच टीम ने फैक्ट्री स्वामी से स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, पीओएस मशीन रिकॉर्ड, कैश मेमो और खरीद से संबंधित दस्तावेज़ मांगे। लेकिन फैक्ट्री संचालक कोई भी प्रामाणिक दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर टीम ने पूरा स्टॉक सील कर थाना बाह में एसएचओ की सुपुर्दगी में भेज दिया। पुलिस अब कानूनी कार्रवाई कर रही है और फैक्ट्री संचालक से भी पूछताछ जारी है।

सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी सतर्कता

दिल्ली धमाके के बाद रसायन आधारित उत्पादों की अनियमित बिक्री व भंडारण सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय है। प्रशासन का कहना है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि मिली तो सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।