मथुरा में भीषण टक्कर के बाद धू-धू कर जले पेट्रोल टैंकर और खल से भरा ट्रक, चालकों ने कूदकर बचाई जान
मथुरा। मथुरा-बरेली हाईवे पर राया के समीप गजू बाईपास के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर, सरसों की खल से भरे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भयानक आग लग गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई क्योंकि दोनों चालकों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरसों की खल से भरा ट्रक मथुरा की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आ रहा पेट्रोल टैंकर तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी और दोनों वाहन आग की लपटों में घिर गए।
घना धुआं और लपटें बहुत ऊंची थीं, जिससे आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने फौरन पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। थाना राया प्रभारी अजय कौशल तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत कर एक घंटे में आग पर काबू पाया।
दुर्घटना के कारण मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने दोनों जले वाहनों को हटवाकर सुचारू कराया।