रिटायरमेंट के बाद वेद, उपनिषद पढेंगे और प्राकृतिक खेती करेंगे अमित शाह

अहमदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वह रिटायरमेंट के बाद वेद, उपनिषद पढ़ेंगे और खेती करेंगे। बीजेपी को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी रिटायरमेंट की योजना बता दी है। उनका मानना है कि प्राकृतिक खेती एक वैज्ञानिक प्रयोग है और इसके कई फायदे हैं। अमित शाह ने यह बात एक कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने यह भी बताया कि वह अभी भी अपनी जमीन पर प्राकृतिक खेती करते हैं।

Jul 9, 2025 - 18:50
 0
रिटायरमेंट के बाद वेद, उपनिषद पढेंगे और प्राकृतिक खेती करेंगे अमित शाह


अमित शाह ने कहा, 'मैंने तो तय किया है कि मैं जब भी रिटायर होऊंगा, मैं अपना बाकी जीवन वेद, उपनिषद और प्राकृतिक खेती के लिए खर्च करूंगा। प्राकृतिक खेती, एक वैज्ञानिक प्रयोग है जो कई प्रकार के फायदे देता है। फर्टिलाइजर वाला गेंहू खाने से कैंसर होता है, बीपी बढ़ता है, डायबिटीज होता है, थायरोड की प्रॉब्लम आती है। शुरू-शुरू में तो हमें मालूम नहीं पड़ा...तो खाने वाले के शरीर को अच्छा रखने के लिए बिना फर्टिलाइजर वाला खाना चाहिए। इसका मतलब कि दवाइयों की जरूरत ही नहीं है। दूसरा उत्पादन बढ़ता है। मैंने प्राकृतिक खेती अपनाई है। आज मेरे उत्पादन में डेढ़ गुना की बढ़ोतरी हुई है।'  

अमित शाह ने उर्वरक के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान के बारे में भी बात की। शाह ने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बिना फर्टिलाइजर वाला भोजन जरूरी है। अगर ऐसा होता है, तो दवाइयों की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन भी बढ़ता है।

9 जुलाई, 2025 को अमित शाह ने गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान की सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ 'सहकार-संवाद' किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम लगभग एक घंटे तक चला।