आगराः सैमरा के नगला लोधा में हादसाः पोखर में डूबने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम
आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सैमरा के नगला लोधा में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गांव का युवक प्रभाकर उर्फ नीटू अचानक पोखर में गिरकर डूब गया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
थाना खंदौली पुलिस टीम ग्रामीणों के साथ मिलकर पोखर में उतरी और युवक को बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॊक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि प्रभाकर किसी काम से पोखर के पास गया था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पानी में गिर पड़ा। पानी में डूबते हुए उसने जोर से मदद के लिए पुकारा, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका।
युवक की मौत की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। परिजनों में चीख-पुकार मच गई और घर में मातम छा गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए भेज दिया है।