आगरा कॉलेज बना नोडल केंद्र: 9 से 13 अप्रैल तक होंगी प्रैक्टिकल और मौखिक परीक्षाएं

आगरा। आगरा कॉलेज को स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों की प्रयोगात्मक एवं मौखिकी परीक्षाओं के लिए नोडल केंद्र घोषित किया गया है। यह परीक्षाएं 09 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी, जिसके लिए महाविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

Apr 6, 2026 - 21:01
 0
आगरा कॉलेज बना नोडल केंद्र: 9 से 13 अप्रैल तक होंगी प्रैक्टिकल और मौखिक परीक्षाएं

महाविद्यालय के प्राचार्य सी. के. गौतम ने बताया कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक के 31 मार्च 2026 के पत्र के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित कर दिया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 09 अप्रैल को प्रातः 11:00 बजे से बीएससी के भौतिक विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित होंगी। 10 अप्रैल को बीएससी/बीए के जन्तु विज्ञान एवं गणित विषय की परीक्षाएं इसी समय पर संपन्न कराई जाएंगी।

11 अप्रैल को विभिन्न विषयों की परीक्षाओं का सबसे बड़ा चरण होगा। इस दिन बीएससी के रसायन विज्ञान, सांख्यिकी एवं कम्प्यूटर साइंस के साथ-साथ बीएससी/बीए के शारीरिक शिक्षा एवं सैन्य विज्ञान विषयों की परीक्षाएं आयोजित होंगी। इसके अलावा बीए के कम्युनिटी डेवलपमेंट एंड एक्सटेंशन एवं मनोविज्ञान विषय की परीक्षाएं भी इसी दिन होंगी।

इसी क्रम में एमएससी के भौतिक विज्ञान एवं सांख्यिकी तथा एमए के गणित, हिन्दी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान, दर्शनशास्त्र, संस्कृत, समाजशास्त्र और उर्दू विषयों की परीक्षाएं भी 11 अप्रैल को प्रातः 11:00 बजे से आयोजित की जाएंगी।

13 अप्रैल को बीए एजुकेशन विषय की परीक्षा के साथ इस परीक्षा सत्र का समापन होगा।

प्राचार्य सी. के. गौतम ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर परीक्षा में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों तथा महाविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।

SP_Singh AURGURU Editor