सड़क सुरक्षा को लेकर आगरा कॉलेज में जागरूकता पर जोर: 110 विद्यार्थियों ने किया सक्रिय सहभाग

आगरा। सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, जीवन रक्षा का संकल्प है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आगरा कॉलेज के रोड सेफ्टी क्लब ने मंगलवार को मनोविज्ञान विभाग में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। उत्साह का माहौल तब देखने लायक था जब 110 से अधिक छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

Nov 18, 2025 - 18:46
 0
सड़क सुरक्षा को लेकर आगरा कॉलेज में जागरूकता पर जोर: 110 विद्यार्थियों ने किया सक्रिय सहभाग
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आगरा कॊलेज में मंगलवार को हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागी और कॊलेज के शिक्षकगण।

कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम के संदेश के साथ हुई। उन्होंने सड़क सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषय पर छात्रों की जागरूकता को भविष्य की सुरक्षित राह से जोड़ते हुए सराहना की।

उपप्राचार्य प्रो. पी. बी. झा ने अपने संबोधन में कहा कि हर नागरिक का दायित्व है कि वह यातायात नियमों का पालन करे। उन्होंने खासतौर पर युवा वर्ग को चेताया कि जोश में होश न खोएं। तेज रफ्तार और लापरवाही का नतीजा अक्सर दुखद होता है। मनोविज्ञान विभाग की प्रो. पूनम चांद ने प्रतिभागियों से सड़क सुरक्षा के संदेश को जीवन में उतारने का आग्रह किया।

सड़क सुरक्षा विषय पर निबंध लेखन, क्विज़ प्रतियोगिता, और पोस्टर मेकिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिन्हें निर्णायक मंडल ने बारीकी से मूल्यांकन किया। निर्णायक मंडल में डॉ. अल्पना ओझा, डॉ. चेतन गौतम, डॉ. सुनीता गुप्ता, डॉ. दिग्विजय पाल सिंह, डॉ. सुनीता यादव, डॉ. जिनेश कुमार सिंह आदि शामिल थे।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. शिवकुमार सिंह ने किया, जबकि संचालन डॉ. अनुराग पालीवाल द्वारा हुआ। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रवि शंकर सिंह ने प्रस्तुत किया। आयोजन में डॉ. अंशु चौहान, डॉ. अनुराधा नेगी, डॉ. दीपाली सिंह, डॉ. अरविंद गुप्ता, डॉ. राम प्रकाश पाल और डॉ. ललिता सिंह का योगदान सराहनीय रहा।

कार्यक्रम में डॉ. श्याम गोविंद सिंह, डॉ. शैलेंद्र कुमार, डॉ. सुरेंद्र पाल सिंह, डॉ. मनीष शुक्ला, डॉ. गौरव प्रकाश, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. अनूप सिंह, डॉ. निखिलेश, डॉ. राजेश सक्सेना सहित अनेक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor