आगरा कॊलेजः एलएलबी में दाखिले की पहली कटऑफ जारी, 5 से 9 अक्टूबर तक होगी काउंसलिंग

आगरा। आगरा कॉलेज में एलएलबी प्रथम वर्ष सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए पहली कटऑफ मेरिट सूची जारी कर दी गई है। पहली मेरिट में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन, काउंसलिंग और प्रोविजनल प्रवेश की प्रक्रिया 5, 7 और 9 अक्टूबर को श्रेणीवार होगी। काउंसलिंग सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विधि संकाय के सेमिनार हॉल में होगी। कॉलेज प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सभी मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उपस्थित होने को कहा है।

Oct 1, 2026 - 20:03
 0
आगरा कॊलेजः एलएलबी में दाखिले की पहली कटऑफ जारी, 5 से 9 अक्टूबर तक होगी काउंसलिंग

आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार प्रथम मेरिट सूची जारी की। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और छात्रहित में संपन्न कराई जा रही है। पहली मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग में शामिल होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

विधि विभागाध्यक्ष प्रो. डी.सी. मिश्रा ने बताया कि पहली कटऑफ के आधार पर काउंसलिंग श्रेणीवार निर्धारित की गई है। 5 अक्टूबर को OPEN श्रेणी की 155.25 तथा DIVYANG श्रेणी की 98.16 कटऑफ मेरिट वाले अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी।

7 अक्टूबर को OBC DIVYANG श्रेणी की 148.50 तथा OBC श्रेणी की 126.15 कटऑफ मेरिट वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग की जाएगी।

9 अक्टूबर को SC DIVYANG श्रेणी की 142.91, SC श्रेणी की 140.12, ST श्रेणी की 122.84 तथा EWS श्रेणी की 138.60 कटऑफ मेरिट वाले अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। प्रो. मिश्रा ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर समय से उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया।

विधि संकाय के प्रो. गौरव कौशिक ने बताया कि प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक की अंकतालिकाएं, नवीन जाति प्रमाण-पत्र, डोमिसाइल प्रमाण-पत्र, Samarth Web Registration, ट्रांसफर सर्टिफिकेट, चरित्र प्रमाण-पत्र, कॉलेज ऑनलाइन फॉर्म की प्रिंट कॉपी एवं उससे संबंधित प्रमाण-पत्र तथा 425 रुपये की रसीद प्रस्तुत करनी होगी। DIVYANG श्रेणी के अभ्यर्थियों को संबंधित दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि वे सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी आवश्यक फोटोकॉपी भी लेकर आएं, ताकि सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने स्पष्ट किया कि काउंसलिंग निर्धारित श्रेणी और तिथि के अनुसार ही होगी। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के संबंध में बाद में प्रवेश का कोई दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन और प्रोविजनल प्रवेश के बाद प्रवेश शुल्क तीन कार्य दिवस के भीतर जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित अवधि में शुल्क जमा नहीं करने पर प्रवेश निरस्त किया जा सकता है।

महाविद्यालय प्रशासन ने पहली मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों से अपनी श्रेणी और कटऑफ के अनुसार निर्धारित तिथि पर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच विधि संकाय के सेमिनार हॉल में पहुंचकर दस्तावेज सत्यापन, काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

SP_Singh AURGURU Editor