आगरा कॊलेजः बीए एलएलबी की पहली मेरिट जारी, 3 अक्टूबर से शुरू होगी प्रवेश काउंसलिंग, सामान्य वर्ग की कटऑफ 112.80, ओबीसी की 103.75 और एससी की 98.26

आगरा कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.ए. एलएल.बी. प्रथम वर्ष की प्रथम मेरिट-कटऑफ सूची जारी कर दी गई है। सूची में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन और प्रोविजनल प्रवेश के लिए 3 अक्टूबर से काउंसलिंग शुरू होगी। काउंसलिंग विधि संकाय स्थित सेमिनार हॉल में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 3 अक्टूबर, जबकि ओबीसी वर्ग की 6 अक्टूबर और एससी, एसटी तथा ईडब्ल्यूएस सहित अन्य निर्धारित श्रेणियों की काउंसलिंग 8 अक्टूबर को होगी।

Sep 30, 2026 - 23:52
 0
आगरा कॊलेजः बीए एलएलबी की पहली मेरिट जारी, 3 अक्टूबर से शुरू होगी प्रवेश काउंसलिंग, सामान्य वर्ग की कटऑफ 112.80, ओबीसी की 103.75 और एससी की 98.26

आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने बताया कि प्रथम कटऑफ मेरिट श्रेणीवार जारी की गई है। OPEN यानी सामान्य वर्ग की प्रथम कटऑफ मेरिट 112.80 रही है। ओबीसी वर्ग की कटऑफ 103.75, ओबीसी दिव्यांग वर्ग की 68.80, एससी वर्ग की 98.26, एससी दिव्यांग वर्ग की 89.33, एसटी वर्ग की 96.20 और ईडब्ल्यूएस वर्ग की कटऑफ 70.68 है।

श्रेणीवार काउंसलिंग की तिथियां भी निर्धारित कर दी गई हैं। OPEN वर्ग के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 3 अक्टूबर को, ओबीसी और ओबीसी दिव्यांग वर्ग की 6 अक्टूबर को तथा एससी, एससी दिव्यांग, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग की काउंसलिंग 8 अक्टूबर को होगी। सभी अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच सेमिनार हॉल, विधि संकाय, आगरा कॉलेज में उपस्थित होना होगा।

ये मूल दस्तावेज लाना अनिवार्य

काउंसलिंग में अभ्यर्थियों को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मूल अंकतालिका, संबंधित आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए नवीनतम जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, Samarth Web Registration का प्रमाण/पंजीकरण, Transfer Certificate (TC), Character Certificate, कॉलेज ऑनलाइन आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट संलग्न समर्थित दस्तावेजों सहित तथा 425 रुपये शुल्क जमा करने की रसीद साथ लानी होगी। इसके अलावा अन्य संबंधित आवश्यक दस्तावेज और सभी दस्तावेजों की छायाप्रतियां भी साथ रखना आवश्यक है।

मेरिट गणना का निर्धारित फार्मूला

कॉलेज के अनुसार मेरिट/इंडेक्स की गणना हाईस्कूल के 50 प्रतिशत, इंटरमीडिएट के 100 प्रतिशत तथा विश्वविद्यालय के नियमानुसार अतिरिक्त वेटेज अंकों के आधार पर की जाएगी।

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने चयनित अभ्यर्थियों से अपनी निर्धारित काउंसलिंग तिथि पर समय से विधि संकाय पहुंचकर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित काउंसलिंग तिथि पर उपस्थित नहीं होने पर बाद में प्रवेश के संबंध में कोई दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रोविजनल प्रवेश या काउंसलिंग की तिथि से तीन कार्यदिवस के भीतर प्रवेश शुल्क जमा करना भी अनिवार्य होगा। निर्धारित अवधि में शुल्क जमा नहीं करने पर प्रवेश निरस्त किया जा सकता है। कॉलेज प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपनी निर्धारित तिथि और समय पर ही काउंसलिंग में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया समय से पूरी करने को कहा है।

प्रो. सी. के. गौतम ने कहा कि महाविद्यालय द्वारा प्रवेश प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया।

SP_Singh AURGURU Editor