आगरा कॉलेज में स्नातक सीटों में 33 प्रतिशत की वृद्धि, प्रवेश प्रक्रिया जारी

आगरा। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छात्रों के लिए खुशखबरी है। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025–26 में स्नातक प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रमों में 33 प्रतिशत सीटों की वृद्धि कर दी है। इस निर्णय से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को आगरा कॉलेज, आगरा जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश का अवसर प्राप्त होगा।

Oct 14, 2025 - 17:27
 0
आगरा कॉलेज में स्नातक सीटों में 33 प्रतिशत की वृद्धि, प्रवेश प्रक्रिया जारी

आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा स्वीकृत इस सीट वृद्धि के बाद अब कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण गति से जारी है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन छात्रों के लिए राहत लेकर आया है जिन्हें पहले सीमित सीटों के कारण प्रवेश नहीं मिल पाया था।

इन पाठ्यक्रमों में मिली अतिरिक्त सीटें

विश्वविद्यालय से स्वीकृत अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया निम्नलिखित प्रमुख पाठ्यक्रमों में संचालित की जा रही है। ये हैं- बी.एससी. (गणित एवं जीवविज्ञान), बी.बी.ए., बी.सी.ए., बी.एससी. (बायोटेक्नोलॉजी), बी.ए. और बी.कॉम।  इन सभी पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग प्रक्रिया आगरा कॉलेज परिसर में प्रतिदिन आयोजित की जा रही है।

इच्छुक छात्रों से अपील

प्राचार्य प्रो. गौतम ने बताया कि जो अभ्यर्थी आगरा कॉलेज में प्रवेश लेने के इच्छुक हैं, वे शीघ्रता से संबंधित प्रवेश प्रभारियों से संपर्क कर लें। सभी पात्र छात्रों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने आवश्यक मूल प्रमाणपत्रों सहित कॉलेज परिसर में उपस्थित होकर समय पर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें।

शैक्षणिक अवसरों में नई संभावनाएं

कॉलेज प्रशासन का मानना है कि सीट वृद्धि से न केवल विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिलेंगे, बल्कि यह कदम उच्च शिक्षा में समावेशिता और गुणवत्ता विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

SP_Singh AURGURU Editor