जागरण टी-20 लीग में छाए आगरा कॉलेज के खिलाड़ी, लाखों की बोली में बिके तीन सितारे

आगरा। मीडिया समूह दैनिक जागरण के तत्वावधान में आयोजित होने वाली जागरण प्रीमियर क्रिकेट लीग टी-20 के लिए 19 मार्च 2026 को संजय प्लेस स्थित होटल हॉलिडे इन में हुए हाई-प्रोफाइल ऑक्शन में आगरा कॉलेज, आगरा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उत्तर प्रदेश भर के खिलाड़ियों पर लगी बोली के बीच आगरा कॉलेज के तीन खिलाड़ियों का चयन विभिन्न फ्रेंचाइज़ियों द्वारा किया गया।

Mar 20, 2026 - 18:08
Mar 20, 2026 - 18:08
 0
जागरण टी-20 लीग में छाए आगरा कॉलेज के खिलाड़ी, लाखों की बोली में बिके तीन सितारे

लाखों की बोली में बिके खिलाड़ी, कॉलेज का बढ़ाया मान

ऑक्शन में आगरा कॉलेज के खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगी। जीतू कश्यप को 25 लाख रुपये में कुशाग्र रॉयल्स ने खरीदा। राज शेखर 15 लाख रुपये में धनौला पैंथर्स टीम का हिस्सा बने। पूर्व छात्र एवं मार्की खिलाड़ी मयंक तिवारी को बालाजी प्रॉपर्टीज टाइगर्स ने अपनी टीम में शामिल किया। ये सभी खिलाड़ी पूर्व में आगरा कॉलेज और आगरा विश्वविद्यालय की क्रिकेट टीम का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

बीसीसीआई मंच पर भी चमका आगरा कॉलेज का सितारा

खेल जगत में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ते हुए आगरा कॉलेज के एम.ए. छात्र अनुज सिंह ने हाल ही में भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित विज्जी ट्रॉफी में नॉर्थ ज़ोन का प्रतिनिधित्व कर महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

प्राचार्य बोले— मेहनत और अनुशासन की जीत

आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय के छात्र खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। यह चयन उनकी प्रतिभा, कठोर परिश्रम और अनुशासन का प्रतिफल है। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

शारीरिक शिक्षा विभाग में जश्न का माहौल

इस उपलब्धि से महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग में हर्ष की लहर दौड़ गई। विभागाध्यक्ष प्रो. अमित रावत के नेतृत्व में डॉ. मनीष शुक्ला, डॉ. रवि शंकर, डॉ. धर्मवीर सिंह यादव, डॉ. हेमराज सिंह, डॉ. नितेश शर्मा एवं प्रो. गौरव कौशिक ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि समर्पण और कठिन परिश्रम का सजीव उदाहरण है।

SP_Singh AURGURU Editor