भरतपुर पूल कैंपस में आगरा कॉलेज का जलवा, तीन चरणों की कड़ी परीक्षा के बाद 8 इंजीनियरिंग छात्र चयनित

भरतपुर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में 18-19 फरवरी 2026 को आयोजित पूल कैंपस ड्राइव में Roop Polymer Ltd, गुरुग्राम ने चयन प्रक्रिया पूरी की। लगभग 50 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें आगरा कॉलेज के मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 8 छात्र चयनित हुए। कॉलेज प्रशासन ने चयनित विद्यार्थियों को ऑफर लेटर प्रदान कर बधाई दी और भविष्य में और प्लेसमेंट की घोषणा की।

Feb 20, 2026 - 15:01
 0
भरतपुर पूल कैंपस में आगरा कॉलेज का जलवा, तीन चरणों की कड़ी परीक्षा के बाद 8 इंजीनियरिंग छात्र चयनित
आगरा कॉलेज प्राचार्य के साथ चयनित छात्र-छात्राएं।

आगरा। भरतपुर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, भरतपुर में 18-19 फरवरी 2026 को आयोजित पूल कैंपस ड्राइव का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस कैंपस ड्राइव में रूप पॉलीमेर लिमि, गुरुग्राम ने विभिन्न महाविद्यालयों के छात्रों का चयन किया। इस अवसर पर कोटा यूनिवर्सिटी, झालावाड़ महाविद्यालय, धौलपुर इंस्टीट्यूट सहित विभिन्न संस्थानों से लगभग 50 छात्रों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया। आगरा कॉलेज के आठ छात्रों का चयन हुआ। 

कंपनी की ओर से चयन प्रक्रिया को तीन राउंड में संपन्न किया गया। प्रथम चरण में छात्रों की तार्किक क्षमता और तकनीकी समझ का मूल्यांकन किया गया। द्वितीय चरण में छात्रों की कम्युनिकेशन स्किल, टीमवर्क और प्रेजेंटेशन क्षमता को परखा गया। अंतिम चरण में व्यक्तिगत साक्षात्कार के माध्यम से उम्मीदवारों की तकनीकी दक्षता और व्यवहारिक समझ का आकलन किया गया।

आगरा कॉलेज के छात्रों ने किया शानदार प्रदर्शन

आगरा कॉलेज के मैकेनिकल इंजीनियरिंग (ME) एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (EE) शाखा के विद्यार्थियों ने विशेष रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। चयनित विद्यार्थियों में मैकेनिकल इंजीनियरिंग (ME) के अनूप कुमार, हरेंद्र परमार, यश उप्रेती, संजना चौहान और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (EE) के कशिश गुप्ता, अंजलि बघेल, मानसी उपाध्याय, सोनिया को चयनित किया गया। 

प्रबंधन और संकाय का मिला मार्गदर्शन

यह पूल कैंपस ड्राइव डॉ. धीरेंद्र अग्रवाल के सहयोग तथा ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रभारी डॉ. अनुराग शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान डॉ. यादवेंद्र शर्मा, डॉ. अमित रावत, डॉ. अनुज पाराशर, डॉ. आरके शर्मा, ई. राहुल अंशुमाली, ई. राहुल जैन एवं ई. हर्षित उपाध्याय का भी विशेष मार्गदर्शन रहा।

आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सीके गौतम एवं डॉ. भूपेंद्र चिकारा ने चयनित विद्यार्थियों को ऑफर लेटर प्रदान कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग संकाय में शीघ्र ही और भी प्रतिष्ठित कंपनियों के प्लेसमेंट आयोजित किए जाएंगे। इस उपलब्धि से न केवल छात्रों में उत्साह है, बल्कि संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्लेसमेंट रिकॉर्ड भी सुदृढ़ हुआ है।