आंबेडकर विवि के युवोत्सव–2025 में आगरा कॉलेज छात्रों का शानदार प्रदर्शन, नौ पुरस्कार झटके
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित युवोत्सव–2025 के द्वितीय चरण में आगरा कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन का ऐसा प्रदर्शन किया कि महाविद्यालय एक बार फिर सांस्कृतिक मानचित्र पर चमक उठा। सीमित तैयारी समय और कड़ाके की ठंड के बावजूद आगरा कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल एक प्रथम, छह द्वितीय और दो तृतीय पुरस्कार अपने नाम किए।
शुक्रवार को आयोजित 13 प्रतियोगिताओं में से आगरा कॉलेज के विद्यार्थियों ने 11 प्रतियोगिताओं में सहभागिता की। सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम समापन के पश्चात शिवाजी मंडपम में घोषित किए गए, जहां आगरा कॉलेज की सफलता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
वाद्य, नृत्य, नाटक और कला में दिखा कौशल
शास्त्रीय स्वर वाद्य में प्रियांशु कृष्ण ने प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज को शीर्ष पर पहुंचाया। शास्त्रीय ताल वाद्य में इंद्रजीत सिंह, पश्चिमी ताल वाद्य में कुलवंत सिंह, शास्त्रीय नृत्य में यशी भारद्वाज, सुगम संगीत में देशदीप शर्मा और कोलाज में कविता ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
एकल नाटक प्रतियोगिता में लोकेश, रोहन सिंह, आर्यन पाराशर, देवांश कुमार, आयुष कुमार, पंकज निषाद, विशाल, युग तिवारी एवं अदिति लवानियां की टीम ने सशक्त मंचन के दम पर द्वितीय स्थान हासिल किया।
चित्रकला में रचना तथा पोस्टर प्रतियोगिता में शिफा फातिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कॉलेज की उपलब्धियों में और इजाफा किया।
प्राचार्य ने बढ़ाया हौसला
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर चित्र कुमार गौतम ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति की पूरी टीम की सराहना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति की प्रभारी प्रोफेसर मृणाल शर्मा ने बताया कि शीत अवकाश के पश्चात मात्र तीन दिन का समय तैयारी के लिए उपलब्ध था, जो बेहद चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद समिति के सदस्यों ने पूर्ण समर्पण के साथ विद्यार्थियों को तैयार किया।
इस सफलता में निधि (थिएटर), रीता निगम (शास्त्रीय नृत्य), अंसवाना, काजल, मुरली, राधेश्याम (संगीत), दिनेश मौर्य एवं मनीषा दोहरे (ड्राइंग) का विशेष योगदान रहा।
Top of Form