आगराः शास्त्रीय और लोक नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने संगीतोत्सव में बांधा समां
आगरा। जानकी संगीत संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय संगीतोत्सव का समापन रविवार को बोदला रोड स्थित मंगलम बैंकेट हॉल में अखिल भारतीय नृत्य प्रतियोगिता के साथ भव्य रूप से हुआ। शास्त्रीय, लोक और फिल्मी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आरबीएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विजय श्रीवास्तव, हरीश भदौरिया, सुशील सरित एवं प्रो. डॉ. आन्शवना सक्सेना द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
अध्यक्ष प्रो. डॉ. आन्शवना सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगिता चार वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें तीसरे दिन शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य एवं हिंदी फिल्मी संगीत पर आधारित एकल व समूह प्रस्तुतियां हुईं। भरतनाट्यम, कथक सहित विभिन्न नृत्य शैलियों में प्रतिभागियों ने अपनी सशक्त कला का प्रदर्शन किया।
अति बाल वर्ग में रुशिका सिंह व ध्वनि हरि प्रसाद ने प्रथम, अदिति सिंह व शनाया गोयल ने द्वितीय तथा राही लालवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बाल वर्ग में अनाया नागपाल व इपसा तिवारी प्रथम, रिद्धि व केतकी मल्होत्रा द्वितीय तथा सरगुन कपूर व अक्षिता महाजन तृतीय रहीं।
युवा वर्ग में परनिका यूरी प्रथम, गति गौतम द्वितीय और नव्या राघव तृतीय स्थान पर रहीं।
सचिव लवेश अग्रवाल ने बताया कि अति बाल वर्ग में आन्या व वैदेही सिंह प्रथम रहीं। बाल वर्ग में दिव्यांशी वैद प्रथम, जबकि किशोर वर्ग में आराध्य शर्मा व मनस्वी राठौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विभिन्न वर्गों में अनेक प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
करीब 400 बच्चों ने नृत्य विधा में सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। निर्णायक मंडल में वृषभानु नंदिनी, आशीष, मोनिका सक्सेना, विजयलक्ष्मी शर्मा एवं पारुल राजपूत शामिल रहीं। संगीतोत्सव में आरती नृत्य कला केंद्र को प्रथम, संगीत आंगन एयरफोर्स स्टेशन को द्वितीय तथा होली लाइट पब्लिक स्कूल को तृतीय श्रेष्ठ सम्मान प्रदान किया गया।
Top of Form