आगरा कोर्टः कंगना रनौत केस में फिर टली सुनवाई, अब 11 सितंबर को होगी बहस
आगरा। हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के मामले में विशेष जज एमपी-एमएलए लोक अदालत लोकेश कुमार की कोर्ट में बहस एक बार फिर टल गई। मूल पत्रावली अवर न्यायालय से समय पर न आने के कारण आज सुनवाई नहीं हो सकी।
कोर्ट ने पुनः आदेश पारित करते हुए 11 सितंबर 2025 तक हर हाल में मूल पत्रावली पेश करने का निर्देश दिया है। जज ने साफ कहा कि इसके बिना बहस संभव नहीं है।
वादी अधिवक्ता और राजीव गांधी बार एसोसिएशन अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता दुर्ग विजय सिंह भैया, राजीव सिंह, बीएस फौजदार एवं सुरेंद्र लाखन आदि ने संविधान की प्रति फेहरिस्त के साथ दाखिल की। उन्होंने दलील दी कि बहस में संविधान के प्रावधानों का उल्लेख आवश्यक है और इसी पुष्टि के लिए संविधान की प्रति प्रस्तुत की गई है।
वहीं विपक्षी पक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता अनुसुइया चौधरी द्वारा बिना स्टांप का साधारण वकालतनामा प्रस्तुत किया गया, जिस पर कोर्ट ने आपत्ति जताई। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 11 सितंबर 2025 की तिथि तय कर दी है।