आगराः सोने का कलश निकालने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाला उड़ीसा का शातिर गिरफ्तार
आगरा। जमीन से सोने-चांदी के आभूषण निकालकर देने का झांसा देने वाला ठग आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। थाना डौकी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उड़ीसा निवासी रितेश को धर दबोचा।
नकदी, आभूषण और काला जादू की किताब बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से 2.90 लाख रुपये नगद, पांच मोबाइल फोन, सोने की लड़ियां और काले जादू से जुड़ी एक किताब बरामद की। बरामदगी से यह साफ हो गया है कि ठग लंबे समय से ग्रामीणों को अपने जाल में फंसा रहा था।
भोले-भाले ग्रामीण बनते रहे शिकार
डीसीपी पूर्वी सैयद अली अब्बास ने बताया कि रितेश काले जादू का सहारा लेकर दावा करता था कि वह बता देगा किसके घर में सोने का कलश दबा हुआ है। इस झांसे में आकर लोग उसे मोटी रकम सौंप देते थे। अनुष्ठान और टोटके के नाम पर वह लाखों की ठगी करता था और बदले में नकली स्वर्णाभूषण थमा देता था।
16 लाख की ठगी के बाद सक्रिय हुई पुलिस
पिछले दिनों डौकी क्षेत्र के एक व्यक्ति से रितेश ने इसी तरीके से करीब 16 लाख रुपये हड़प लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह का पर्दाफाश बाकी
डीसीपी ने बताया कि फिलहाल रितेश से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस ठगी में और कौन-कौन शामिल हैं। उड़ीसा पुलिस से भी उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। आने वाले दिनों में और भी ठगी के मामलों का खुलासा हो सकता है।