आगरा जीआरपी ने ट्रेनों से चोरी या गुमशुदा 547 मोबाइल किए बरामद, सवा करोड़ की रिकवरी

आगरा। रेलयात्रा के दौरान खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन अब वापस मिलने लगे हैं, और इसके पीछे है जीआरपी आगरा की तकनीकी दक्षता और सतर्क निगरानी। जनवरी से अप्रैल 2025 के बीच आगरा अनुभाग में ट्रेनों से गुम हुए या चोरी किए गए 547 मोबाइल को जीआरपी पुलिस ने बरामद कर लिया है। इन मोबाइल की कुल बाजार कीमत 1,25,58,000 रुपये आंकी गई है।

May 18, 2025 - 15:43
May 19, 2025 - 01:40
 0
आगरा जीआरपी ने ट्रेनों से चोरी या गुमशुदा 547 मोबाइल किए बरामद, सवा करोड़ की रिकवरी
आगरा जीआरपी द्वारा बरामद किये गये मोबाइल और इसके बारे में जानकारी देते एसपी जीआरपी अभिषेक वर्मा।  

-जीआरपी ने लोगों को उनके मोबाइल लौटाए तो हर चेहरे पर लौटी मुस्कान

मोबाइल सेट्स में जिओ, सैमसंग, वीवो, ओप्पो शाओमी समेत कई प्रमुख कंपनियों के डिवाइस शामिल थे। यात्रियों ने इन मोबाइलों के चोरी होने की रिपोर्ट जीआरपी में की थी।

चार्जिंग पर लगाकर सोना बना वजह

जीआरपी की जांच में सामने आया कि ज्यादातर मामलों में यात्री सफर के दौरान मोबाइल चार्जिंग पर लगाकर सो गए थे। इसी दौरान चोरों ने इन मोबाइलों पर हाथ साफ कर दिया।
एसपी जीआरपी अभिषेक वर्मा ने यात्रियों को चेताते हुए कहा, ट्रेन में यात्रा के दौरान सावधानी बेहद जरूरी है। खासकर जब मोबाइल चार्ज पर लगाया गया हो। यह यात्रियों की लापरवाही है, जिसका फायदा चोर उठाते हैं।

सर्विलांस टीम ने निभाई अहम भूमिका

सर्विलांस टीम ने मोबाइलों की IMEI ट्रैकिंग और लोकेशन विश्लेषण के जरिए अलग-अलग स्थानों से ये मोबाइल बरामद किए। कुछ मोबाइल तो दूसरे राज्यों से भी वापस लाए गए। तकनीक और टीमवर्क की बदौलत इस ऑपरेशन को सफलता मिली।

शनिवार को एसपी जीआरपी अभिषेक वर्मा ने मोबाइल स्वामियों को उनके मोबाइल सौंपे। बरामद मोबाइल वापस मिलने पर यात्रियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि खोया हुआ मोबाइल फिर से मिलेगा।

SP_Singh AURGURU Editor