आगरा में सजेगा फुटवियर कारोबार का वैश्विक मंच, 3 अक्टूबर से ‘मीट एट आगरा’ का महामंच

आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में 3 से 5 अक्टूबर तक ‘मीट एट आगरा-2026’ का 18वां संस्करण आयोजित होगा। करीब 250 एग्जिबिटर्स इसमें हिस्सा लेंगे, जिनमें आठ चीनी एग्जिबिटर्स भी शामिल हैं। फेयर में फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, आधुनिक मशीनरी और तकनीकी समाधान प्रदर्शित किए जाएंगे। भारत के करीब 300 करोड़ जोड़ी फुटवियर उत्पादन और 280 करोड़ जोड़ी घरेलू खपत के आंकड़ों के बीच यह आयोजन भारतीय उद्योग को वैश्विक बाजार और नई तकनीक से जोड़ने का मंच बनेगा।

Oct 2, 2026 - 23:18
 0
आगरा में सजेगा फुटवियर कारोबार का वैश्विक मंच, 3 अक्टूबर से ‘मीट एट आगरा’ का महामंच
कल से शुरू हो रहे मीट एट आगरा के बारे में जानकारी देते एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता व एफमेक कन्वीनर एवं डीसीएफएलआई के चेयरमैन पूरन डावर आदि।

चीन समेत देश-विदेश के एग्जिबिटर्स होंगे शामिल, कंपोनेंट्स-मटीरियल्स से लेकर आधुनिक मशीनरी तक की मिलेगी जानकारी, 300 करोड़ जोड़ी उत्पादन के साथ भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फुटवियर उत्पादक

आगरा। फुटवियर उद्योग के कारोबारियों, निर्माताओं, निर्यातकों, बायर्स और तकनीक प्रदाताओं के लिए आगरा एक बार फिर वैश्विक कारोबारी मंच बनने जा रहा है। आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय फुटवियर फेयर ‘मीट एट आगरा-2026’ का 18वां संस्करण 3, 4 और 5 अक्टूबर को सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित होगा। फेयर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली गई हैं।

शुक्रवार को आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में एफमेक पदाधिकारियों ने फेयर की विशेषताओं, उद्योग के लिए इसकी उपयोगिता और तीनों दिनों के कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस बार करीब 250 एग्जिबिटर्स अपने उत्पाद, मशीनरी, कंपोनेंट्स, मटीरियल्स और तकनीकी समाधान प्रदर्शित करेंगे। इनमें आठ चीनी एग्जिबिटर्स भी शामिल हैं।

‘डिस्कवर, क्रिएट, कनेक्ट, ग्रो’ होगी फेयर की थीम

एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि ‘मीट एट आगरा’ अब फुटवियर उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण कारोबारी और तकनीकी मंच बन चुका है। फेयर की थीम ‘डिस्कवर • क्रिएट • कनेक्ट • ग्रो’ रखी गई है, जो उद्योग के बदलते स्वरूप के अनुरूप नए उत्पादों की खोज, नवाचार, कारोबारी संपर्क और विकास का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि फेयर में फुटवियर कारोबारी एक ही स्थान पर नए कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी, उत्पादन तकनीक और इंडस्ट्रियल सपोर्ट सिस्टम्स की जानकारी हासिल कर सकेंगे। साथ ही निर्माताओं और सप्लायर्स से सीधे बातचीत कर अपनी जरूरत के मुताबिक तकनीक और उत्पादों का चयन कर सकेंगे।

गोपाल गुप्ता ने कहा कि बदलते फैशन ट्रेंड, आरामदायक फुटवियर की बढ़ती मांग, संगठित रिटेल और ऑनलाइन कारोबार के विस्तार से उद्योग के सामने नए अवसर पैदा हो रहे हैं। ऐसे में डिजाइन, गुणवत्ता और आधुनिक उत्पादन तकनीक को अपनाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आगरा की पहचान राम बारात, आंबेडकर जयंती और अग्रसेन जयंती जैसे बड़े आयोजनों के साथ रही है। इसी परंपरा में ‘मीट एट आगरा’ ने भी 18 वर्षों की यात्रा में देश और दुनिया के फुटवियर उद्योग में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय एफमेक के पूर्व अध्यक्षों, पदाधिकारियों और सदस्यों के सामूहिक प्रयासों को दिया।

भारत में करीब 300 करोड़ जोड़ी फुटवियर का उत्पादन

एफमेक कन्वीनर एवं डीसीएफएलआई के चेयरमैन पूरन डावर ने कहा कि भारत के पास फुटवियर उद्योग के क्षेत्र में बड़ी उत्पादन क्षमता के साथ विशाल घरेलू बाजार भी है। आधुनिक तकनीक, बेहतर डिजाइन, कुशल मानव संसाधन और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के जरिए भारतीय फुटवियर उद्योग वैश्विक बाजार में अपनी हिस्सेदारी और बढ़ा सकता है। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड फुटवियर ईयरबुक-2026 में प्रकाशित वर्ष 2025 के आंकड़ों के अनुसार, दुनिया में करीब 2,460 करोड़ जोड़ी फुटवियर का उत्पादन हुआ। भारत ने करीब 300 करोड़ जोड़ी फुटवियर का उत्पादन किया, जो वैश्विक उत्पादन का लगभग 12.2 प्रतिशत है। इस उत्पादन के साथ भारत चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फुटवियर उत्पादक रहा। भारत में फुटवियर की खपत भी करीब 280 करोड़ जोड़ी रही। इस लिहाज से भारत खपत के मामले में भी दुनिया में दूसरे स्थान पर रहा। पूरन डावर ने कहा कि उत्पादन और घरेलू मांग का यह मजबूत आधार भारतीय फुटवियर उद्योग के लिए बड़ी संभावना प्रस्तुत करता है।

चाइना पवेलियन में दिखेगी आधुनिक तकनीक और मशीनरी

एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा ने बताया कि इस बार फेयर में हॉल-बी का चाइना पवेलियन प्रमुख आकर्षण रहेगा। यहां चीन के एग्जिबिटर्स फुटवियर उद्योग से जुड़े कंपोनेंट्स, मटीरियल्स और आधुनिक मशीनरी प्रदर्शित करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय कारोबारी और निर्माता इन उत्पादों को करीब से देखने के साथ तकनीकी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इससे उत्पादों की तुलना करने, उत्पादन प्रक्रिया को समझने और नए कारोबारी संपर्क विकसित करने में मदद मिलेगी। फेयर का उद्देश्य केवल उत्पादों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि निर्माताओं, सप्लायर्स और खरीदारों के बीच सीधे कारोबारी संवाद को बढ़ावा देना है।

गुणवत्ता और तकनीक पर रहेगा जोर

एफमेक उपाध्यक्ष राजीव वासन ने कहा कि आज वैश्विक फुटवियर बाजार में केवल बेहतर उत्पाद तैयार करना पर्याप्त नहीं है। समय पर आपूर्ति, लागत नियंत्रण, उत्पादन क्षमता और ग्राहकों की बदलती जरूरतों को समझना भी जरूरी है। फेयर में कारोबारी आधुनिक मशीनरी और उत्पादन समाधान देखकर अपनी इकाइयों के आधुनिकीकरण की संभावनाओं को समझ सकेंगे। वहीं उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान बनाने के लिए गुणवत्ता, डिजाइन, टिकाऊपन और आराम जैसे पहलुओं पर लगातार काम करना होगा। ‘मीट एट आगरा’ उद्योग से जुड़े लोगों को इन्हीं जरूरतों के अनुरूप नए उत्पादों और तकनीकों से जोड़ने का काम करेगा।

बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच होगा सीधा संवाद

एफमेक महासचिव प्रदीप वासन ने बताया कि फेयर के दूसरे दिन रविवार, 4 अक्टूबर को बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें खरीदारों की जरूरतों, बाजार की बदलती मांग, उत्पाद विकास और कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा होगी। फेयर के अंतिम दिन सोमवार, 5 अक्टूबर को एग्जिबिटर्स सम्मान समारोह और मीडिया ब्रीफ आयोजित किया जाएगा। इसमें फेयर के अनुभवों के साथ फुटवियर उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को साझा किया जाएगा।

डिजिटल माध्यमों को मिलेगा बढ़ावा

आयोजन में डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। कागज के उपयोग को कम करने के लिए विजिटर्स और एग्जिबिटर्स से फीडबैक लेने में क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे सुझाव और प्रतिक्रियाएं डिजिटल माध्यम से एकत्र की जाएंगी।

3 अक्टूबर को होगा भव्य उद्घाटन

फेयर कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा ने बताया कि ‘मीट एट आगरा-2026’ के 18वें संस्करण का उद्घाटन शनिवार, 3 अक्टूबर को सुबह 11 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव और वर्तमान में यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वरिष्ठ आईएएस मनोज कुमार सिंह होंगे। एफमेक ने फुटवियर निर्माताओं, निर्यातकों, कंपोनेंट्स एवं मटीरियल्स कारोबारियों, मशीनरी सप्लायर्स और उद्योग से जुड़े पेशेवरों से फेयर में पहुंचकर नई तकनीक, उत्पाद और कारोबारी संभावनाओं को समझने की अपील की है। प्रेसवार्ता के दौरान एफमेक सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, ललिता अरोरा, सुनील मनचंदा, सीफी के प्रदेश महासचिव नकुल मनचंदा, जसविंदर सिंह खेड़ा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।