कृष्ण नाम की अनहद ध्वनि में डूबा आगरा: भजन कॉन्सर्ट ने युवाओं तक पहुंचाया आत्मिक शांति का संदेश

आगरा। हरे कृष्ण की अनहद गूंज, भक्ति में डूबे स्वर और आत्मा को छू लेने वाली धुनों के बीच आगरा पूरी तरह कृष्णमय हो उठा, जब ‘डिवोशन बियोंड बाउंड्रीज’ के अंतर्गत पहली बार आयोजित अनहद भजन कॉन्सर्ट ने शहर को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। खंदारी स्थित आरबीएस कॊलेज के राव कृष्ण पाल सिंह सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालु श्रीकृष्ण नाम की दिव्य ध्वनि में लीन नजर आए और पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

Apr 5, 2026 - 20:04
 0
कृष्ण नाम की अनहद ध्वनि में डूबा आगरा: भजन कॉन्सर्ट ने युवाओं तक पहुंचाया आत्मिक शांति का संदेश
आरबीएस कॊलेज के राव कृष्ण पाल सिंह सभागार में द आगरा जैमिंग क्लब और इस्कॉन आगरा द्वारा आयोजित ‘डिवोशन बियोंड बाउंड्रीज’ भजन कॉन्सर्ट में हरि कांता देवी दासी के भजनों पर झूमते श्रद्धालु।

द आगरा जैमिंग क्लब एवं इस्कॊन आगरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भजन संध्या में केन्या (अफ्रीका) से आईं अंतर्राष्ट्रीय भजन गायिका हरि कांता देवी दासी ने अपनी मधुर वाणी से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु झूम उठे। गोविंद बोलो गोपाल बोलो...और हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे...जैसे भजनों की प्रस्तुति ने हर दिल को भक्ति में डुबो दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई, जिसके बाद दीप प्रज्ज्वलन एचजी अरविंद स्वरूप दास, अभिषेक अग्रवाल, अंकित खंडेलवाल, डॉ. रंजना बंसल, संजीव मित्तल और अशु मित्तल द्वारा किया गया।

हरि कांता देवी दासी ने अपने संदेश में कहा कि आज के दौर में बाहरी उपलब्धियों के बजाय आंतरिक शांति की आवश्यकता है। श्रीकृष्ण भक्ति ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति को उसके वास्तविक स्वरूप से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि हरे कृष्ण संकीर्तन केवल शब्द नहीं, बल्कि चेतना को शुद्ध करने वाली दिव्य ऊर्जा है।

कार्यक्रम संयोजक अशु मित्तल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भक्ति के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा देना और उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह कॉन्सर्ट इस बात का प्रमाण है कि भक्ति की कोई सीमा नहीं होती और यह हर हृदय को जोड़ने की शक्ति रखती है।

द जैमिंग क्लब ऑफ आगरा की संस्थापक रिया अग्रवाल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस दिव्य अनुभव से जुड़ सकें।

भजन संध्या में संगीत संगत द जैमिंग क्लब ऑफ आगरा के पार्थ चौहान, प्रियांशु कृष्णा और अभिषेक शुक्ला ने दी।

इस अवसर पर अदिति गौरांगी देवी दासी, नलिनी गोपिका दास, श्रीरिशा निम्माकायला, डॉ. परिणीता बंसल, मीनाक्षी मोहन, तनुजा मांगलिक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor