शिवत्व में लीन हुआ आगरा: सम्पन्न हुआ द्वितीय महा रुद्राभिषेक महोत्सव

आगरा। सावन के पहले सोमवार को श्री गिरिराज जी सेवा मंडल (रजि.) द्वारा लोहामंडी स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित द्वितीय महा रुद्राभिषेक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और वैदिक दिव्यता के साथ संपन्न हुआ। जैसे ही परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजे, वातावरण शिवमय हो गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे 121 पवित्र नर्मदेश्वर शिवलिंगों का वैदिक पूजन, अर्चन और रुद्राभिषेक, जिसका आयोजन आचार्य पंडित विष्णु कांत शास्त्री के मार्गदर्शन में हुआ।

Jul 14, 2025 - 17:54
 0
शिवत्व में लीन हुआ आगरा: सम्पन्न हुआ द्वितीय महा रुद्राभिषेक महोत्सव
लोहामंडी स्थित अग्रसेन भवन में श्री गिरिराज जी सेवा मंडल द्वारा आयोजित द्वितीय महा रुद्राभिषेक महोत्सव के दौरान आचार्य पंडित विष्णु कांत शास्त्री के मार्गदर्शन में रुद्राभिषेक करते श्रद्धालु व सदस्य।

-हर-हर महादेव के गगनभेदी घोष से गूंजा अग्रसेन भवन, वैदिक विधि से हुआ 121 नर्मदेश्वर शिवलिंगों का अभिषेक

करीब पांच घंटे चले इस महायज्ञात्मक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दुग्ध, दही, घी, शहद, गंगाजल, नारियल पानी, गन्ने और अनार के रस व अन्य तीर्थ जलों से अभिषेक किया। खास बात यह रही कि नर्मदा नदी से लाए गए शिवलिंगों का अभिषेक कैलाश मानसरोवर, शिप्रा, ब्रह्मकुंड, सरयू, गोदावरी, यमुना सहित द्वादश तीर्थों के जल से किया गया, जिससे आयोजन का पौराणिक और आध्यात्मिक महत्व और भी बढ़ गया।

संस्थापक नितेश अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन न केवल श्रद्धालुओं के लिए पुण्यदायी है बल्कि सनातन परंपराओं के प्रचार-प्रसार का भी एक प्रभावशाली माध्यम है। अध्यक्ष अजय कुमार सिंघल ने कहा कि रुद्राभिषेक में भाग लेकर शिवकृपा का अनुभव करना अत्यंत सौभाग्य की बात है। आयोजन समिति के मयंक अग्रवाल ने बताया कि सभी भक्तों को पूजन सामग्री स्थल पर ही उपलब्ध कराई गई थी। विजय अग्रवाल ने फलाहार प्रसादी की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

इस अवसर पर महंत कपिल नागर, नीरज अग्रवाल, अमित पाराशर, आशीष गोयल, सुनील सिंघल, सुमित सिंघल, किशन कुमार गर्ग, नरेंद्र गर्ग, विशाल बंसल, विष्णु बंसल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और शिव अनुग्रह की कामना के साथ रुद्राभिषेक में भाग लिया।

SP_Singh AURGURU Editor