आगरा पुलिस का एक्शन मोड, बसई में अवैध हुक्का बार पर बड़ी रेड
आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र के बसई इलाके में पुलिस ने ग्रीन हाउस रेस्टोरेंट व कैफे पर छापा मारकर बिना लाइसेंस चल रहे हुक्का बार का खुलासा किया। मौके से हुक्का, फ्लेवर तंबाकू, चिलम, कोयला और QR स्कैनर बरामद किए गए। कैफे संचालक मोनू गुप्ता को गिरफ्तार कर 520 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने अवैध हुक्का बार के खिलाफ सख़्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
ग्रीन हाउस रेस्टोरेंट एंड कैफे में बिना लाइसेंस चल रहा था हुक्का बार, बसई क्षेत्र में पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप
आगरा। आगरा पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख़्त रुख अपनाते हुए ताजगंज थाना क्षेत्र के बसई इलाके में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्रीन हाउस रेस्टोरेंट व कैफे पर छापा मारकर वहां बिना लाइसेंस संचालित हुक्का बार का भंडाफोड़ किया।
बिना अनुमति परोसा जा रहा था हुक्का
पुलिस जांच में सामने आया कि कैफे में न तो हुक्का बार संचालन की कोई वैध अनुमति थी और न ही संबंधित विभाग से लाइसेंस लिया गया था। इसके बावजूद ग्राहकों को खुलेआम हुक्का परोसा जा रहा था, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।
हुक्का, फ्लेवर तंबाकू और आपत्तिजनक सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 2 हुक्का,फ्लेवर युक्त तंबाकू, चिलम, कोयला, क्यूआर स्कैनर बरामद किया। इसके अलावा कैश काउंटर से 520 रुपये नगद भी जब्त किए गए।
कैफे संचालक गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से कैफे संचालक मोनू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
युवाओं को नशे की ओर धकेलने का आरोप
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अवैध हुक्का बार युवाओं को नशे की ओर आकर्षित कर रहे हैं, जिससे सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे पैदा हो रहे हैं।
अवैध हुक्का बार पर आगे भी चलेगा अभियान
आगरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार, कैफे और रेस्टोरेंट के खिलाफ आगे भी सघन अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।