आगरा पुलिस ने ऑटो गैंग के दो सदस्य दबोचे, सवारी का मोबाइल और पर्स पर पार कर दिया था
आगरा। थाना रकाबगंज पुलिस ने ऒटो में बैठाकर सवारी का मोबाइल फोन, कैश और अन्य सामान पार करने वाले गैंग के दो सदस्यों को दबोच लिया है। पुलिस ने चोरी किया गया मोबाइल फोन, पर्स आदि भी बरामद कर लिया है।
विगत दिवस वादी ने रकाबगंज थाने पर सूचना दी थी कि वह विगत 16 नवंबर को फतेहाबाद से बस में बैठकर बिजलीघर उतरा था। यहां से उसे शाहगंज जाना था। इसी दौरान एक ऒटो पास आया और चालक ने पूछने पर कहा कि वह शाहगंज ही जा रहा है। ऒटो में दो लोग पहले से बैठे थे। वादी के बैठने के बाद चालक ऒटो को आगरा फोर्ट की ओर ले जाने लगा तो वादी ने टोका। इस पर ऒटो चालक ने कहा कि एक सवारी और बैठानी है। आगरा फोर्ट के बाद ऒटो फिर उसी दिशा में आगे बढ़ने लगा तो वादी ने टोका। इस पर ऒटो चालक ने उसे वहीं उतार दिया और ऒटो को आगे बढ़ा ले गया।
ऒटो से उतरने के बाद वादी ने देखा कि उसका मोबाइल, पर्स आदि सामान गायब है। वादी की शिकायत मिलने पर पुलिस ने टीम का गठन कर ऒटो गैंग के दो सदस्यों टिंचू और रिषभ उर्फ मेरठिया को दबोच लिया। इनके पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया। टिंचू इरादतनगर थाने के डूंडीपुरा, बिहारीलाल की मढ़ैया का निवासी है और रिषभ रचपुरा मेरठ, हाल निवासी गोल चक्कर शास्त्रीपुरम है।