आगरा पुलिस कमिश्नरेटः एसओजी प्रभारी सहित आठ पुलिसकर्मी पूर्वी जोन भेजे गए

आगरा। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने एसओजी प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को एसओजी से हटाकर पूर्वी जोन में भेज दिया है। माना जा रहा है कि सिकंदरा थाना क्षेत्र में कारगिल चौराहे पर ज्वेलर्स की हत्या के मामले में वांछित हत्यारोपी के कोर्ट में आत्मसमर्पण किए जाने पर यह एक्शन हुआ है। 

Sep 10, 2025 - 21:30
 0
आगरा पुलिस कमिश्नरेटः एसओजी प्रभारी सहित आठ पुलिसकर्मी पूर्वी जोन भेजे गए

सिकंदरा थाना क्षेत्र में दो मई को बाइक से आए दो नकाबपोश बदमाशों ने बालाजी ज्वेलर्स के शोरूम में घुसकर आभूषण लूटे थे और शोरूम के मालिक योगेश चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के तीन दिन बाद ही छह मई को पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था जबकि दूसरा हत्यारोपी फारुख फरार हो गया था।

लंबे समय से एसओजी फारुख को पकड़ने में लगी हुई थी। कुछ दिन पहले हत्यारोपी फारूख ने आगरा के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। हैरानी इस बात की रही कि कोर्ट द्वारा थाने से रिपोर्ट मांगे जाने के बाद भी पुलिस अलर्ट नहीं हुई थी। बताया तो यहां तक जा रहा है कि इसे लेकर पुलिस कमिश्नर काफी नाराज थे। इस बीच अधिकारियों के संज्ञान में ऐसी बातें भी लाई गईं कि फारुख को जानकर नहीं पकड़ा गया।

अब अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह ने एसओजी प्रभारी जैकब फर्नांडिस, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र, कांस्टेबल राकुल, राजीव पाराशर, मानवेंद्र उपाध्याय, आमिर खान, आशीष शर्मा, अभिषेक को पूर्वी जोन में ट्रांसफर कर दिया है। तीन-चार दिन पहले सर्विलांस सेल से रोहित यादव और अरुण भी पूर्वी जोन भेजे गए थे।

SP_Singh AURGURU Editor