आगरा पुलिस का अपराधियों पर प्रहार: लूट और चोरी की कई वारदातों का खुलासा, न्यू आगरा में लुटेरा और सदर में दो शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों की बरामदगी

आगरा। शहर में बढ़ती लूट और चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए आगरा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। एक ओर भगवान टॉकीज फ्लाईओवर पर हुई लूट की वारदात में शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, वहीं दूसरी ओर बंद मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को संयुक्त पुलिस टीम ने दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की है।

Feb 8, 2026 - 23:09
 0
आगरा पुलिस का अपराधियों पर प्रहार: लूट और चोरी की कई वारदातों का खुलासा, न्यू आगरा में लुटेरा और सदर में दो शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों की बरामदगी
न्यू आगरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार लुटेरा और दूसरे चित्र में सदर पुलिस की हिरासत में शातिर चोर, जिन्होंने चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया।

भगवान टॉकीज फ्लाईओवर पर लूट का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार

थाना न्यू आगरा क्षेत्र में भगवान टॉकीज फ्लाईओवर पर व्यक्ति से रुपये और मोबाइल फोन का बैग छीनने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन अन्य साथी फरार हैं।
यह मामला 4 फरवरी का है, जिसकी सूचना वादी द्वारा 6 फरवरी को थाना न्यू आगरा में दी गई थी। पीड़ित के अनुसार वह ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक खड़ा कर ऑटो से अपने घर जा रहा था, तभी भगवान टॉकीज फ्लाईओवर पर स्कूटी और मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उससे 8200 रुपये, मोबाइल फोन और बैग लूट लिया और फरार हो गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पोइया घाट क्षेत्र से अभियुक्त चंद्र प्रताप सिंह निवासी बारह शिव नगर, बल्केश्वर, कमला नगर, आगरा को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से 2400 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों राहुल, शनि और एक अन्य के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

बंद घरों में चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 2.80 लाख बरामद

दूसरी बड़ी कार्रवाई में थाना सदर बाजार क्षेत्र में बंद मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम आमीन खान पुत्र कल्ला, निवासी टपरा, मलपुरा और अमित अग्रवाल उर्फ घंटोली पुत्र हरिओम, निवासी पुरानी गल्ला मंडी, किरावली, आगरा हैं। इनके कब्जे से 2.80 लाख रुपये नकद, चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और आभूषण बेचकर प्राप्त धनराशि बरामद की गई है।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथी अंकित उर्फ श्याम पुत्र हरिओम (निवासी पुरानी गल्ला मंडी, किरावली) के साथ मिलकर आगरा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
उन्होंने नैनाना जाट में एक बंद मकान से 50 हजार रुपये नकद और सोना-चांदी के आभूषण, नगला परसोती से नकदी व आभूषण, ताजगंज के कौलक्खा, और थाना जगदीशपुरा के बिचपुरी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया। चोरी किए गए आभूषण बेचकर करीब 45 हजार रुपये प्राप्त किए गए थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आगरा के विभिन्न थानों में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं इनका साथी अंकित उर्फ श्याम पहले ही आठ दिन पूर्व लूट के एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor