आगरा पुलिस ने पौने छह किलो गांजे के साथ अपराधी दबोचा, वांछित चोर भी गिरफ्तार
आगरा। शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आगरा पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को अवैध नशीला पदार्थ गांजा बेचते हुए और दूसरे को चोरी के मामलों में वांछित वारंटी के रूप में गिरफ्तार किया है।
जगदीशपुरा पुलिस ने पौने छह किलो गांजे के साथ अपराधी पकड़ा
थाना जगदीशपुरा पुलिस ने अवैध नशीला पदार्थ गांजा बेचने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान पूरन पुत्र स्व. वेदरिया निवासी नारायण विहार, गोवर्धन कॉलोनी, बिचपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 714 ग्राम गांजा बरामद किया।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई उस समय की गई जब आरोपी मघटई तिराहे के पास स्थित लकड़ी के खोखे के समीप गांजा बेच रहा था। पुलिस ने मौके पर छापा मारकर आरोपी को दबोच लिया।
उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एमएम गेट पुलिस ने वांछित चोर दबोचा
थाना मदन मोहन गेट पुलिस ने चोरी की घटनाओं में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम नितिन पुत्र राजेंद्र निवासी लाल सिंह का नगला, रुई की मंडी, शाहगंज, आगरा बताया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है, जिस पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे पकड़ लिया।
थानाध्यक्ष अजब सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पता चला कि आरोपी के खिलाफ तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।