विवि, मेडिकल कॉलेज और मेट्रो पर ध्वजारोहण और रंगारंग कार्यक्रमों से गूंजा आगरा

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, एसएन मेडिकल कॉलेज और मेट्रो आगरा ने 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।  

Aug 15, 2025 - 18:44
 0
विवि, मेडिकल कॉलेज और मेट्रो पर ध्वजारोहण और रंगारंग कार्यक्रमों से गूंजा आगरा
स्वतंत्रता दिवस पर विश्वविद्यालय, एसएन मेडिकल कॊलेज और मेट्रो स्टेशन पर ध्वजारोहण और अन्य कार्यक्रमों की एक झलक।

विवि में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया

विश्वविद्यालय के पालीवाल पार्क परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में कुलपति प्रो. आशु रानी ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बीच वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई। कुलपति ने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा छात्रों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 20 अगस्त को 91वां दीक्षांत समारोह आयोजित होगा।

स्वामी विवेकानंद परिसर स्थित यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल में भी ध्वजारोहण, माल्यार्पण और छात्र-संसद की शपथ के साथ समारोह हुआ। उच्च अंक प्राप्त करने वाले 36 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। छात्रों ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए।

स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित महिला छात्रावास में भी ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। छात्राओं ने देशभक्ति गीत गाए और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। सभी समारोह ‘वंदेमातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ संपन्न हुए।

एसएन में कर्मचारियों का हुआ सम्मान

एसएन मेडिकल कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह और सम्मान कार्यक्रम कॉलेज के केन्द्रीय पुस्तकालय भवन के सामने आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सभी ने राष्ट्रगान गाया और एक साथ शपथ ली। प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने सरोजिनी नायडू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

समारोह में अस्थि रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अमृत गोयल और प्रमुख अधीक्षक डॉ बृजेश शर्मा सहित कई चिकित्सकों ने अपने विचार व्यक्त किए। प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने इस पावन अवसर पर एक प्रेरणादायक संबोधन दिया।

इस विशेष कार्यक्रम में संस्थान के कर्मचारियों को उनकी कर्मठता और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया, जिससे उनका मनोबल बढ़ा। छात्राओं ने मधुर एसएन गान प्रस्तुत किया और कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत 'वंदेमातरम्' के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ अखिल प्रताप सिंह ने किया।

मोदी, नेहरू, सुभाष बन बच्चों ने मोहा  मन

ताज महल मेट्रो स्टेशन पर स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। जिसमें नन्हे बच्चे स्वतंत्रता संग्रामी बनकर आए। उन्होंने देश प्रेम की कवितायें, गाने आदि गाये।  इस अवसर पर नन्हा धैर्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रिदान त्रिशिका एवं आरिस पंडित नेहरू के वेश में आए। नन्ही अनाया सुभाष चन्द्र बोस के वेश में आई। दिव्यांश लालवानी ने देश प्रेम पर भाषण दिया एवं ज़ाहिरा, जो सरोजिनी नायडू बनी थीं, ने महान बानो कविता सुनाकर सबका मन मोह लिया।

SP_Singh AURGURU Editor