आगराः रॉयल रास रंग महोत्सव में स्पाइसी शुगर ने बिखेरी परंपरा और उत्सव की रंगीन छटा
आगरा। हरीपर्वत क्षेत्र के एक होटल का माहौल तब पूरी तरह उत्सवमय हो उठा जब स्पाइसी शुगर संस्था ने भव्य रॉयल रास रंग महोत्सव का आयोजन किया। इस मौके पर भारतीय संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता का संगम मंच पर जीवंत हो उठा। दीप प्रज्ज्वलन कर संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कहा कि त्योहार केवल उत्सव नहीं बल्कि संस्कारों और संस्कृति को संजोने का अवसर होते हैं, जो समाज को एक सूत्र में जोड़ते हैं।
कार्यक्रम का संचालन चांदनी ग्रोवर और पावनी सचदेवा ने किया। महोत्सव की शुरुआत पूजा थाली सज्जा प्रतियोगिता से हुई, जिसमें प्रतिभागियों की सृजनशीलता ने दर्शकों को प्रभावित किया। इसके बाद रंगोली, मेहंदी और साड़ी ड्रेपिंग प्रतियोगिताओं ने उत्सव को और भी आकर्षक बना दिया। रंगोली की कलात्मकता, मेंहदी की खूबसूरती और साड़ी ड्रेपिंग में विभिन्न प्रांतों की झलक ने वातावरण को संस्कृति की विविधता से भर दिया।
टंग ट्विस्टर प्रतियोगिता ने खूब ठहाके बिखेरे और समापन पर पारंपरिक डांडिया रास ने पूरे माहौल को उत्सव की उमंग से सराबोर कर दिया।
प्रतियोगिता परिणामों में, थाली सज्जा में वीना सचदेवा और बुलबुल अग्रवाल, रंगोली में सोनी ग्रोवर और डॉली विज, मेहंदी में आयुषी और अंजली, जबकि साड़ी ड्रेपिंग में रश्मि मित्तल और सोनाली खंडेलवाल विजेता रहीं। मुख्य अतिथि डॉ. रंजना बंसल ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। निर्णायक मंडल में मिकी सिंह, प्रीति बत्रा और जया असवानी शामिल रहीं।
इस मौके पर रेनू लाम्बा, सिमरन अवतानी, रिंपी जैन, शिखा जैन, पूजा ओबरॉय, ज्योति सचदेवा, पूजा ढींगरा, कमल, शिल्पा माहेश्वरी और संगीता अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में सदस्याएं मौजूद रहीं।