आगराः हाईवे पर ट्रेलर दूसरे वाहन को टक्कर मार डिवाइडर में जा घुसा, रुला देने वाला जाम

आगरा। शहर में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर डराने वाला बड़ा हादसा हुआ। अबूलाला दरगाह से वाटर वर्क्स फ्लाईओवर तक 18 चक्का ट्रेलर ने एक अन्य वाहन को टक्कर मारी और फिर फ्लाईओवर के डिवाइडर में जा घुसा। इस दौरान अफरातफरी मच गई। मलबा ढोने वाला वाहन चालक घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रेलर चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया। इस हादसे के बाद अति व्यस्त हाईवे पर ऐसा भीषण जाम लगा कि इसमें फंसे लोग कराह उठे। वाटर वर्क्स फ्लाईओवर फोर लेन है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के कारण फ्लाईओवर की एक लेन पूरी तरह अवरुद्ध होने से बहुत भीषण जाम लग गया।

Sep 7, 2025 - 19:19
 0
आगराः हाईवे पर ट्रेलर दूसरे वाहन को टक्कर मार डिवाइडर में जा घुसा, रुला देने वाला जाम
आगरा में वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन।

हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो वाहन एक ही दिशा में अपनी लेन में चल रहे थे। छोटा वाहन मलबा ले जा रहा था, जबकि ट्रेलर ग्रेनाइट के भारी पत्थरों से लदा हुआ था। अचानक बेकाबू हुए 18 चक्का ट्रेलर ने मलबा ले जा रहे वाहन को टक्कर मारी, जिससे वाहन का चालक घायल हो गया। इसके बाद घबराहट में ट्रेलर चालक ने गाड़ी को दौड़ाया और इसी हड़बड़ाहटक में वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रेलर रुक गया। रोड पर डीज़ल लीक होकर बहने लगा। मौका देखकर ट्रेलर का चालक कूदकर मौके से फरार हो गया।

फ्लाईओवर पर ट्रेलर के दुर्घटनाग्रस्त होने पर देखते ही देखते भगवान टाकीज से से रामबाग की ओर जाने वाला पूरा हाईवे जाम से जकड़ गया। करीब छह-सात किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे वाहनों में सवार लोगों को खासी दिक्कत हुई।

पुलिस ने वाहन हटवाकर ट्रैफिक खुलवाया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने के प्रयास शुरू किए। क्रेन की मदद से ट्रेलर को एक तरफ किया गया। इसके बाद एक लाइन खुली और यातायात खुलना शुरू हुआ। पुलिस ने फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी ट्रक और ट्रेलर लगातार हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, लेकिन पुलिस और परिवहन विभाग पर कोई कार्रवाई नहीं होती। इस हादसे ने फिर एक बार प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है। अगर समय रहते ट्रकों की जांच और गति पर नियंत्रण रखा जाता तो हादसे को रोका जा सकता था।

SP_Singh AURGURU Editor