आगराः संपत्ति विवाद में महिला को गोली मारी, तीनों फरार आरोपी परिवार के ही हैं
आगरा। थाना छत्ता क्षेत्र के भैरों बाजार में संपत्ति के विवाद को लेकर आज तड़के एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया गया। महिला का घायलावस्था में एसएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी फरार हो गए हैं। इस मामले में घायल महिला की बेटी ने नामजद रिपोर्ट लिखाई है।
बताया जाता है भैरों बाजार निवासी राजेंद्र सिंह की पत्नी बीना आज सुबह करीब साढ़े चार-पांच बजे शौच के लिए जा रही थी, तभी घात लगाए बैठे राजकुमार पुत्र हाकिम सिंह, नवीन पुत्र रविंद्र, अभिजय पुत्र अजय निवासीगण भैंरों बाजार ने बीना पर जान से मारने की नीयत से हमला बोल दिया और राजकुमार ने तमंचे से फायर कर दिया।
बीना की बेटी चंचल तोमर ने बताया कि गोली उसकी मां के बांए हाथ की बाजू पर लगी है। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस को आता देख हमलावर भाग खड़े हुए। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल बीना को एसएन अस्पताल पहुंचाया। चंचल ने बताया कि राजकुमार और अन्य परिजनों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। आरोपी राजकुमार पहले भी उनके माता पिता के साथ मारपीट कर चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।