आगरा: महिला से जमीन के नाम पर 8.6 लाख की ठगी, फर्जी बैनामा करने वाला आरोपी गिरफ्तार

आगरा। थाना बाह क्षेत्र में जमीन का बैनामा करने के बाद वही जमीन दूसरों को बेच देने जैसी धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एक अहम गिरफ्तारी की है। वादिया शांति देवी को कूटरचित दस्तावेजों के जरिये जमीन बेचने वाले आरोपियों में से एक राममूर्ति पुत्र सभाराम को फरेरा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया है।

May 15, 2025 - 12:49
 0
आगरा: महिला से जमीन के नाम पर 8.6 लाख की ठगी, फर्जी बैनामा करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बाह पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया राममूर्ति।

-फरेरा तिराहे से पुलिस ने दबोचा आरोपी, शांति देवी की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा

फर्जी दस्तावेजों से बेची जमीन, महिला से ली मोटी रकम

पीड़िता शांति देवी ने शिकायत में बताया कि उमरैठा रोड स्थित नंदगवां, पिनाहट के पास की जमीन को राममूर्ति, बबलू, श्रीकृष्ण, रामयश, भरत उर्फ कान्हा और रामलखन उर्फ गोलू ने 8.6 लाख रुपये में उन्हें बेचा था। दस्तावेज से खुद को जमीन का मालिक बताकर इन आरोपियों ने विश्वास दिलाया।

जमीन पर कब्जा लेने गई तो खुली पोल

शांति देवी जब अपने पति के साथ उक्त जमीन को देखने पहुंचीं तो पाया कि उसी जमीन को पहले ही सतानंद उर्फ बबलू और रामवरण पुत्र तिलक सिंह को आधा-आधा बेच दिया गया है। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने थाना बाह में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा आरोपी

पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी राममूर्ति को फरेरा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह की भूमिका भी खंगाल रही है।

SP_Singh AURGURU Editor