पीएम मोदी के जन्मदिन पर 100 टीबी मरीजों को गोद लेगी आगरा की आंबेडकर यूनिवर्सिटी
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस (17 सितंबर) पर डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय एक मानवीय पहल के तहत 100 क्षय रोगियों को गोद लेगा। शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में यह कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मरीजों को इलाज की पूरी अवधि तक न केवल दवा और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, बल्कि विश्वविद्यालय की ओर से पोषण, सहयोग और हर महीने राशन पोटली भी प्रदान की जाएगी। यह कदम प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को समाज सेवा और जनकल्याण से जोड़ते हुए क्षय रोग उन्मूलन की दिशा में बड़ा योगदान साबित होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॊ. अरुण श्रीवास्तव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि विवि को 100 क्षय रोगियों की सूची विश्वविद्यालय को भेज दी गई है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में टीबी मरीजों को गोद लिया जाएगा। इस अवसर पर रोगियों को पोषण पोटली वितरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि टीबी मरीज को ठीक होने में छह से सात माह समय लगता है। टीबी की दवा के साथ में सही पोषण सामग्री लेना भी आवश्यक है। मरीजों को पोषण में दिक्कत न हो, इसलिए उन्हें निक्षय पोषण योजना के तहत अब उन्हें पांच सौ रुपये की जगह एक हजार रुपये अनुदान में दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के आह्वान पर सामाजिक संस्थाओं व अन्य द्वारा भी क्षय रोगियों को गोद लेकर उन्हें उपचार के दौरान प्रत्येक माह पोषण पोटली वितरित करने का कार्यक्रम भी जारी है।