आगरा के भदरौली में डबल डेकर बस से टच हुई विद्युत लाइन, ड्राइवर समेत तीन को लगा करंट

पिनाहट (आगरा)। अहमदाबाद से बाह की ओर जा रही एक डबल डेकर यात्री बस शनिवार को उस समय हादसे का शिकार हो गई जब वह पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव भदरौली के पास हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गई। बस की ऊपरी मंजिल ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से छू गई, जिससे पूरे वाहन में करंट दौड़ गया।

Jun 28, 2025 - 17:42
 0
आगरा के भदरौली में डबल डेकर बस से टच हुई विद्युत लाइन, ड्राइवर समेत तीन को लगा करंट
करंट से झुलसी रेखा और उसका बेटा मोहित, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

करंट की चपेट में आए तीन लोग

बस में करंट दौड़ने से ड्राइवर नीटू यादव समेत दो यात्री झुलस गए। यह घटना तब हुई जब ड्राइवर ने सवारी उतारने को बस को साइड में रोका। झुलसे यात्रियो में महिला रेखा और उसका बेटा मोहित है। बताया जाता है कि बस में तमाम सवारियां होने के बाद भी केवल इन्हीं तीन को इसलिए करंट लगा कि महिला और उसका पुत्र बस से उतर रहे थे और वे खिड़की के पास लोहे के पाइप को पकड़े हुए थे जबकि ड्राइवर का हाथ खिड़की से टच हो गया था। तीनों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। तीनों की हालत ठीक है।

अफरातफरी का माहौल, बाकी यात्री सुरक्षित

हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। करंट लगने की वजह से कुछ देर तक यात्री दहशत में रहे, हालांकि राहत की बात रही कि अन्य सभी यात्री सुरक्षित बच गए। घटना के वक्त बस में करीब 40 से अधिक लोग सवार थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डबल डेकर बस की ऊपरी संरचना ऊंची होने के कारण हाई टेंशन लाइन से संपर्क में आ गई। बिजली विभाग के अधिकारियों को भी सूचित किया गया है ताकि इस रूट पर सुरक्षा के इंतज़ाम किए जा सकें।

घटना की सूचना मिलते ही थाना पिनाहट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सीएचसी केंद्र के चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया।

SP_Singh AURGURU Editor