आगरा का जनकपुरी आयोजन: कमला नगर बनेगा इस बार की पावन मिथिलानगरी

आगरा। श्रीराम भक्तों के लिए हर्ष और उल्लास का समाचार। वर्ष 2025 की जनकपुरी, जिसे मिथिलानगरी के रूप में भी जाना जाता है, इस बार कमला नगर में भव्य रूप से आयोजित की जाएगी। यह निर्णय शनिवार को श्री रामलीला मैदान स्थित हनुमान मंदिर में हुई रामलीला कमेटी की विशेष बैठक में लिया गया।

Jun 7, 2025 - 20:31
 0
आगरा का जनकपुरी आयोजन: कमला नगर बनेगा इस बार की पावन मिथिलानगरी
श्रीराम लीला मैदान स्थित हनुमान मंदिर परिसर में रामलीला कमेटी की बैठक में लिए गये निर्णय के क्रम में जनकपुरी आयोजन हेतु कमला नगर के लोगों को आमंत्रण पत्र सौंपते श्रीरामलीला के कमेटी के अध्यक्ष एवं पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल तथा अन्य पदाधिकारी।  

-श्री रामलीला कमेटी ने किया ऐलान, हनुमान मंदिर परिसर में हुई बैठक में सर्वसम्मति से हुआ निर्णय

कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि इस बार विभिन्न क्षेत्रों से जनकपुरी आयोजन हेतु प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। रामलीला कमेटी ने प्राप्त नामांकनों पर रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी ने रामलीला कमेटी को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें समस्त दावेदारियों में कमला कमला नगर की दावेदारी को सर्वाधिक प्रबल माना गया।

कमेटी द्वारा दी गई रिपोर्ट में सभी नामांकनों के बारे में दी गई जानकारियों का रामलीला कमेटी के अध्यक्ष और महामंत्री ने भी सूक्ष्म मूल्यांकन किया। आज श्री रामलीला कमेटी की बैठक बुलाई गई और इसमें सर्वसम्मति से कमला नगर में जनकपुरी आयोजित करने को स्वीकृति दी गई।

सभी प्रस्तावों का गहनता से हुआ मूल्यांकन

श्री रामलीला कमेटी द्वारा गठित उपसमिति ने जनकपुरी आयोजन के लिए प्रस्तुत सभी प्रस्तावों की गहनता से जांच कर, जनकपुरी की ऐतिहासिक गरिमा, सुविधा और श्रद्धालुजनों की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए कमला नगर की अनुशंसा की। इसके आधार पर रामलीला कमेटी ने विचार-विमर्श के पश्चात वर्ष 2025 के लिए जनकपुरी आयोजन को कमला नगर में करने की विधिवत घोषणा की।

जनकपुरी आयोजन की जिम्मेदारी कमला नगर को सौंपी गई

रामलीला कमेटी द्वारा निर्णय के बाद कमला नगर जनकपुरी आयोजन समिति को आमंत्रित कर स्वीकृति-पत्र भेंट किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का वातावरण बन गया है। अब कमला नगर की भूमि भगवान श्रीराम और देवी सीता के पावन विवाह का साक्षी बनेगा। मिथिलावासियों के स्वागत में धर्म, संस्कृति और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिलेगा।

रामलीला कमेटी की बैठक में ये रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण अवसर पर रामलीला कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इनमें जगदीश बागला, नवल किशोर, संतोष शर्मा, तारा चंद, भगवान दास बंसल, विजय अग्रवाल, टीएन अग्रवाल, मनोज अग्रवाल पोली भाई, मुकेश जौहरी, अतुल बंसल सहित बड़ी संख्या में अन्य सदस्य और रामभक्त सम्मिलित रहे।

धार्मिक चेतना का प्रतीक बनेगी जनकपुरी

आगरा में जनकपुरी आयोजन न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक भी है। इसमें श्रीराम और माता सीता के पावन विवाह की झलकियां, वैदिक परंपराएं, मंगलाचार और भक्तिरस में डूबे दृश्य हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। कमला नगर में होने वाला यह आयोजन निश्चय ही धर्म, परंपरा और समरसता का दिव्य संगम बनेगा।

SP_Singh AURGURU Editor