आगरा की मंजुला दुबे को राष्ट्रीय जिम्मेदारी, विश्व हिन्दू रक्षा परिषद की राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त
आगरा/नोएडा। आगरा की मूल निवासी और वर्तमान में नोएडा निवासी मंजुला दुबे को विश्व हिन्दू रक्षा परिषद का राष्ट्रीय मंत्री (भारत) नियुक्त किया गया है। संगठन के संस्थापक श्री गोपाल राय ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। मंजुला दुबे लंबे समय से सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी हैं और गरीब बच्चों की शिक्षा, महिला कल्याण तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की सहायता के लिए कार्य करती रही हैं।
मंजुला दुबे विधि स्नातक हैं तथा हिंदी एवं राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर हैं। सामाजिक गतिविधियों के साथ उनकी रुचि शिक्षा और महिला कल्याण से जुड़े कार्यों में रही है। वे सनातन संस्कृति और भारतीय संस्कारों से भी विशेष रूप से जुड़ी हुई हैं तथा भगवान महादेव में उनकी गहरी आस्था है।
उनकी नियुक्ति पर आगरा के व्यवसायी एवं समाजसेवी राधेश्याम शर्मा और संजू शर्मा ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगरा की एक महिला को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व मिलना शहर के लिए गौरव का विषय है।
मंजुला दुबे ने नियुक्ति के लिए संगठन के संस्थापक श्री गोपाल राय और विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और समाजसेवा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।