आगरा के पिनाहट क्षेत्र में न्याय नहीं मिला तो बुजुर्ग ने जहर खा लिया, पीड़ित की चीखों ने सिस्टम को सवालों में घेरा, राजस्व और पुलिस अधिकारियों पर लगाये गंभीर आरोप, विषाक्त खाने से पहले वीडियो बनाकर रोते हुए व्यक्त की पीड़ा, सीएम योगी से कहा- आप सरकार चलाओ, मैं तो जा रहा हूं, आपके अधिकारी भ्रष्ट हैं

आगरा। थाना पिनाहट क्षेत्र में न्याय न मिलने से आहत एक बुजुर्ग ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना द्वितीय नहर पंप हाउस के पास की है, जहां पीड़ित बृज मोहन शर्मा ने यह कदम उठाने से पहले एक वीडियो जारी कर प्रशासन और दबंगों पर गंभीर आरोप लगाए।

Apr 3, 2026 - 12:18
 0
आगरा के पिनाहट क्षेत्र में न्याय नहीं मिला तो बुजुर्ग ने जहर खा लिया, पीड़ित की चीखों ने सिस्टम को सवालों में घेरा, राजस्व और पुलिस अधिकारियों पर लगाये गंभीर आरोप, विषाक्त खाने से पहले वीडियो बनाकर रोते हुए व्यक्त की पीड़ा, सीएम योगी से कहा- आप सरकार चलाओ, मैं तो जा रहा हूं, आपके अधिकारी भ्रष्ट हैं
पीड़ित बृज मोहन शर्मा, जो अब अस्पताल में उपचाररत हैं।

बताया गया है कि पीड़ित बृज मोहन शर्मा लंबे समय से अपनी पैतृक जमीन को लेकर संघर्ष कर रहे थे। उनका आरोप है कि दबंगों ने पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत से उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया और विरोध करने पर उसके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए। पीड़ित का यह भी कहना है कि पूर्व में उस पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल होकर विकलांग हो चुके हैं।

जहर खाने से पहले वायरल वीडियो में बुजुर्ग फूट-फूटकर रोते नजर आये और उन्होंने कहा कि कई बार थाने और अधिकारियों के पास जाने के बावजूद उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने और सीएम आवास तक जाने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि राजस्व अधिकारी ही जमीन पर कब्जा करा रहे हैं और थाने की पुलिस फर्जी मुकदमे लगाकर उनका उत्पीड़न कर रही है।

बृज मोहन शर्मा का कहना है कि उन्हें घर में कैद कर दिया गया है। पुलिस उन्हें इलाज तक के लिए घर से बाहर नहीं निकलने दे रही। ऐसी हालत में वे उनके पास मरने के अलावा कोई चारा नहीं। विषाक्त खाने से पहले बुजुर्ग ने सीएम योगी को लेकर कहा- योगी जी, अब आप आराम से सरकार चलाइए। आपके सारे अधिकारी भ्रष्ट हैं। वे पीड़ित की नहीं सुनते। मुझ जैसे बुजुर्ग को न्याय मिलना तो दूर, उल्टे फर्जी मुकदमे लाद दिये गये।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से पीड़ित को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों ने मामले में उच्च अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ित को न्याय का आश्वासन दिया है।

फिलहाल यह मामला प्रशासनिक कार्यप्रणाली और न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है, जहां एक बुजुर्ग को अपनी बात सुनाने के लिए आत्महत्या जैसा कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा।

SP_Singh AURGURU Editor