ट्रेड टैक्स पर आगरा के जूता कारोबारियों का बगावती बिगुल: 1 मई तक अल्टीमेटम, नहीं माने नगर निगम तो एमजी रोड पर होगा चक्का जाम

आगरा। मंदी, महंगाई और अंतरराष्ट्रीय हालात से पहले ही जूझ रहे आगरा के जूता कारोबार पर अब नगर निगम द्वारा लगाए गए ट्रेड टैक्स ने संकट को और गहरा कर दिया है। इससे आक्रोशित व्यापारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 1 मई तक यह टैक्स वापस नहीं लिया गया, तो एमजी रोड पर चक्का जाम कर आंदोलन किया जाएगा।

Apr 18, 2026 - 17:46
 0
ट्रेड टैक्स पर आगरा के जूता कारोबारियों का बगावती बिगुल: 1 मई तक अल्टीमेटम, नहीं माने नगर निगम तो एमजी रोड पर होगा चक्का जाम
द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन, भीम युवा व्यापार मंडल और भीम युवा व्यापार संगठन की संयुक्त बैठक को संबोधित करते विजय सामा।

द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन, भीम युवा व्यापार मंडल और भीम युवा व्यापार संगठन की संयुक्त बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया, जहां नगर निगम के खिलाफ होश में आओ के नारे गूंज उठे।

हींग की मंडी स्थित द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन कार्यालय में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए फैडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा ने कहा कि करीब साढ़े तीन लाख परिवार सीधे तौर पर जूता उद्योग से जुड़े हैं, जिनकी रोजी-रोटी इस फैसले से प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 1 मई (मजदूर दिवस) तक ट्रेड टैक्स वापस नहीं लिया गया, तो हजारों व्यापारी, मजदूर और कारीगर शहीद स्मारक से लेकर नगर निगम तक सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेंगे।

भीम युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रदीप पिप्पल ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध के कारण कच्चे माल की कीमतों में 30 से 100 प्रतिशत तक की वृद्धि हो चुकी है। ऐसे में राहत देने के बजाय नगर निगम नए कर थोप रहा है, जो व्यापारियों के साथ अन्याय है। उन्होंने यह भी बताया कि 25 कारीगरों से कम वाले छोटे कारखानों को पहले रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं होती थी, लेकिन अब उन पर भी शुल्क लगाया जा रहा है, जो छोटे उद्यमियों के लिए बड़ा झटका है।

फैडरेशन अध्यक्ष विजय सामा ने तीखे शब्दों में कहा कि 25 से कम कारीगरों वाले कारखानों पर भी शुल्क लगाना आर्थिक उत्पीड़न है।

बैठक में अजय महाजन, मनप्रीत सिंह, अनिल लाल, प्रमोद गुप्ता, प्रदीप मेहरा, घनश्याम दास बोहरा, वासूदेव मूलचंदानी, बाबू भाई, डब्बू भाई, प्रमोद जैन, सुधीर महाजन, अतुल कर्दम, रूपेश, करन सिंह, विजय पिप्पल, सुरेन्द्र पिप्पल, जितेश कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में आंदोलन का समर्थन किया।

SP_Singh AURGURU Editor