पंजाब में चमके आगरा के सितारे, अंडर-19 हॉकी में खिताबी जीत
आगरा की सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने पंजाब के रामपुर में आयोजित अंडर-19 ऑल इंडिया प्राइज मनी हॉकी गोल्ड कप में रोमांचक फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम किया। कुणाल के निर्णायक गोल से टीम चैंपियन बनी। आगरा लौटने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत हुआ और प्रबंधन ने प्राइज मनी खिलाड़ियों में बांटने की घोषणा की।
सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने राष्ट्रीय स्तर पर मनवाया लोहा, रोमांचक फाइनल में बना अंडर-19 हॉकी गोल्ड कप चैंपियन
आगरा। ताजनगरी के हॉकी प्रेमियों के लिए यह गौरव का क्षण है। पंजाब के रामपुर में 12 से 15 फरवरी तक आयोजित ‘फर्स्ट ऑल इंडिया प्राइज मनी हॉकी गोल्ड कप (अंडर-19)’ में आगरा की सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। टीम की इस ऐतिहासिक जीत के बाद जब खिलाड़ी आगरा लौटे तो उनका स्वागत किसी विजेता नायकों की तरह किया गया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मेजबान रामपुर अकादमी के खिलाफ खेला गया। मैच शुरुआत से ही बेहद कड़ा और संघर्षपूर्ण रहा। पहले तीन क्वार्टर तक दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं और स्कोर 0-0 से बराबरी पर रहा। चौथे और अंतिम क्वार्टर के 10वें मिनट में सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस निर्णायक मौके पर खिलाड़ी कुणाल ने बेहतरीन तकनीक और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए गेंद को सीधे जाल में पहुंचा दिया। यह गोल ही मैच का निर्णायक पल साबित हुआ और टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। अकादमी की चेयरपर्सन सुखजीवन सोई ने बताया कि खिलाड़ियों की एकजुटता, अनुशासन और कठिन अभ्यास ने उन्हें चैंपियन बनाया।
आगरा कैंट स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
सोमवार सुबह जब टीम आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची, तो स्टेशन पर उत्सव जैसा माहौल था। ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूल-मालाओं और पटका पहनाकर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। चेयरपर्सन सुखजीवन सोई, अध्यक्ष राजीव सोई और सचिव अमिताभ गौतम के नेतृत्व में भारी संख्या में खेलप्रेमी सुबह 6 बजे से ही स्टेशन पर मौजूद थे। खिलाड़ियों का जोश और स्वागत का उत्साह देखते ही बन रहा था।
खिलाड़ियों में बांटी जाएगी प्राइज मनी
अकादमी के अध्यक्ष राजीव सोई और सचिव अमिताभ गौतम ने टीम की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए घोषणा की कि टूर्नामेंट में जीती गई प्राइज मनी खिलाड़ियों में बांटी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पर हमारी टीम ने जिस स्तर का खेल दिखाया है, वह पूरे आगरा के लिए गर्व की बात है। खिलाड़ियों ने अकादमी और शहर का नाम रोशन किया है।
कोच ने दिया मेहनत और प्रबंधन को श्रेय
टीम के कोच दिलीप शर्मा जो वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज में शारीरिक प्रशिक्षक हैं, ने जीत का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और अकादमी प्रबंधन की सकारात्मक सोच को दिया। उन्होंने कहा कि सुखजीवन सोई और राजीव सोई के खेल प्रोत्साहन प्रयासों का ही परिणाम है कि आज खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
टीम के प्रमुख खिलाड़ी
टीम में योगेश थापा (कप्तान), दिनेश शर्मा (उपकप्तान), विकास (गोलकीपर), ऋषिराज, अनुज सिंह, अनुराग सिंह, अंकित, गणेश, रोहित, कुणाल सिंह, मानवेंद्र, साहिल, पारस सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे।
स्वागत में उमड़े खेलप्रेमी
धर्मेंद्र बघेल, अमरजीत सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, गोपाल भगत, अनिल कुमार, केपी सिंह यादव, संजय नेहरू, अजय सिंह राजपूत, डॉ. जयशंकर यादव, चौधरी एमडी अहमद खान, धर्मेश सिंह, सूरज, धीरज मदान, अभय, सनी, अंशुमान सिंह और रिहान मोहम्मद सहित अनेक खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।